मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों तक ठंड बनी रहेगी और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
मंगलवार पिछले 13 सालों में सबसे ठंडा दिन रहा, जब शहर का तापमान गिरकर 10.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बुधवार को भी मौसम ऐसा ही रहा। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम था। कोलकाता के अलीपुर स्थित रीजनल मेट्रोलॉजिकल सेंटर (आरएमसी) ने कहा कि दक्षिण बंगाल में शनिवार तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
कोलकाता के अलीपुर स्थित रीजनल मेट्रोलॉजिकल सेंटर ने कहा कि दक्षिण बंगाल में शनिवार तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आरएमसी के एक अधिकारी ने बताया, “तेज़ ठंड के साथ, कोलकाता और अधिकांश जिलों में सुबह कोहरा रहेगा। कुछ जिलों में शीतलहर और ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, वीकेंड पर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।”
मंगलवार को कोलकाता में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.7 डिग्री कम था। हालांकि, बुधवार सुबह से आसमान साफ रहा और कोहरा जल्दी छंट गया, जिससे दिन का अधिकतम तापमान बढ़ने में मदद मिलेगी।
इस बीच, शहर के बाहरी इलाके दमदम में आज सुबह तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीरभूम जिले का श्रीनिकेतन दक्षिण बंगाल में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां सुबह का तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस था। पश्चिमी जिलों में गुरुवार को पूर्वी बर्दवान और बीरभूम में शीतलहर चलने की संभावना है। बीरभूम में शुक्रवार सुबह तक शीतलहर बनी रह सकती है।
इसके अलावा, दक्षिण बंगाल के छह अन्य जिलों में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति रहने की उम्मीद है। इसका मतलब है कि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहेगा और दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक कम रहेगा। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में शनिवार तक कोहरा रहेगा। कुछ इलाकों में दृश्यता 999 से 200 मीटर तक कम हो सकती है।
उत्तर 24 परगना, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर बंगाल के आठ जिलों में घने कोहरे की संभावना है, जिससे दृष्टि सीमा 50 से 199 मीटर तक रह सकती है। गुरुवार को दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी जिलों में भी घने कोहरे की चेतावनी जारी रहेगी।


Leave feedback about this