N1Live National ‘कांग्रेस को विदाई की तैयारी करनी चाहिए’, जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर निशाना
National

‘कांग्रेस को विदाई की तैयारी करनी चाहिए’, जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर निशाना

'Congress should prepare to bid farewell': Jairam Thakur targets Sukhu government.

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर केंद्र से मिली आपदा राहत राशि के उपयोग को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार द्वारा धन उपलब्ध कराने के बावजूद प्रभावित क्षेत्रों में न तो पर्याप्त मरम्मत कार्य हुए और न ही लोगों को राहत मिल पाई।

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए पंचायतों और नगर निकायों के चुनावी नतीजों को जनता की नाराजगी का संकेत बताया। साथ ही पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए विपक्ष पर भी पलटवार किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात हुई। जब वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात होती है तो राज्य के मुद्दों पर चर्चा जरूर होती है। गृह मंत्री से चर्चा हुई कि पिछली बार बारिश के दौरान हुए नुकसान की भरपाई और मरम्मत का काम नहीं किया गया, जबकि केंद्र सरकार ने इसके लिए पैसा दे दिया था।

उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सड़कें अभी भी टूटी हुई हैं, पानी नहीं पहुंच रहा है और लोगों के घर नहीं बन पाए हैं। इसका समाधान सरकार को करना चाहिए था, लेकिन सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। ऐसा लगता है कि उन्हें कोई मतलब ही नहीं है। वे अपनी समस्याओं से ही जूझ रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से सवाल पूछते हुए कहा कि केंद्र से मिले पैसे का इस्तेमाल क्या आपदा प्रभावित इलाकों में हुआ? क्या सड़कों की मरम्मत हुई, पानी की व्यवस्था सुधरी और नुकसान की भरपाई की गई? मेरे विधानसभा क्षेत्र में तो हालत इतनी खराब है कि जहां बसें चलती थीं, वहां इंसान भी नहीं चल पा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिले पैसे का इस्तेमाल कहां हुआ, इसकी जांच आने वाले समय में होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र के लिए मिलने वाली राशि कम कर दी गई। हमारे यहां हुए नुकसान की भरपाई नहीं हुई। सिर्फ इसलिए क्योंकि मैं विपक्ष में हूं, सरकार से सवाल पूछता हूं और नीतियों पर सवाल उठाता हूं।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को अब विदाई की तैयारी करनी चाहिए। सबसे छोटी इकाइयों के चुनाव में भी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बाद भी कांग्रेस के नेताओं की आंखें नहीं खुल रही हैं।

उन्होंने कहा कि पंचायतों और नगर निकायों के चुनावों में जो जनादेश आया है, उसे देखते हुए कई अधिकारी राज्य सरकार छोड़कर केंद्र में जाने की कोशिश कर रहे हैं। जो अधिकारी राज्य सरकार के साथ मिलकर गलत काम कर रहे हैं, उन्हें उसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। जनता ने चुन-चुनकर कांग्रेस के नेताओं को हराया है और भाजपा के नेताओं को जिताया है।

पेपर लीक के सवाल पर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जब राजस्थान में उनकी सरकार थी, तब 22 पेपर लीक हुए थे और छत्तीसगढ़ में 18 पेपर लीक हुए थे। उन्होंने कहा कि 86 हजार करोड़ रुपए के घोटाले करने वाले लोग भ्रष्टाचार और पेपर लीक पर किस मुंह से सवाल पूछ रहे हैं।

Exit mobile version