June 2, 2025
National

कांग्रेस का सृजन अभियान पार्टी को पुनर्गठित करने का निर्णायक कदम : अरुण यादव

Congress’s Srujan Abhiyan is a decisive step to reorganize the party: Arun Yadav

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तीन जून को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल आ रहे हैं। वे यहां सृजन अभियान का शुभारंभ करेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने सृजन अभियान को कांग्रेस के पुनर्गठित करने की दिशा में बढ़ाया जा रहा निर्णायक कदम बताया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने संवाददाताओं से बात करते हुए मंगलवार तीन जून को भोपाल में आयोजित होने जा रहे कांग्रेस संगठन के सृजन अभियान के औपचारिक शुभारंभ को एक ऐतिहासिक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान मध्य प्रदेश में कांग्रेस को पुनर्गठित करने और जनमानस से गहरे जुड़ाव की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

अरुण यादव ने कहा, “राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी एक बार फिर जनभावनाओं से जुड़ने और जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह अभियान न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं को दिशा देगा, बल्कि आने वाले समय में कांग्रेस को निर्णायक ताकत बनाने की नींव भी रखेगा। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक, प्रदेश कार्यकारिणी, राजनीतिक मामलों की समिति तथा सभी जिला अध्यक्षों के साथ संवाद कर संगठन की नवीन संरचना पर विचार किया जाएगा।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने आगे कहा, “यह केवल सांगठनिक चर्चा नहीं, बल्कि कांग्रेस की आत्मा को फिर से जन आंदोलन से जोड़ने का प्रयास है। हम सबकी भागीदारी से यह मिशन सफल होगा और एक सशक्त कांग्रेस के रूप में हमारा भविष्य और अधिक उज्ज्वल बनेगा।”

राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस की ओर से तैयारी की जा रही है। तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक (प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल, तृतीय तल) होगी। इस बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं द्वारा राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी और आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श होगा। वहीं सांसदों एवं विधायकों के साथ संवाद होगा, जिसमें सांसदों और विधायकों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं नव सृजित प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारियों की बैठक होगी।

Leave feedback about this

  • Service