N1Live National पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा के बाद उपभोक्ताओं में निराशा, कहा- जेब पर पड़ रहा असर
National

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा के बाद उपभोक्ताओं में निराशा, कहा- जेब पर पड़ रहा असर

Consumers disappointed after hike in petrol and diesel prices, say it is affecting their pockets

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में मंगलवार को एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल की कीमत में 86 पैसे और डीजल की कीमत में 83 पैसे का इजाफा हुआ है। इस बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार से पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपए प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपए प्रति लीटर हो गया है। कीमतों में बढ़ोतरी का असर आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई दे रहा है।

ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद यूपी के बलिया में पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका के चलते बड़ी संख्या में वाहन लेकर पेट्रोल और डीजल भरवाने पहुंचे। इस दौरान लोगों ने एक स्वर में कहा कि युद्ध की वजह से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही और आम लोगों पर इसका असर पड़ रहा है।

दिल्ली में एक उपभोक्ता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “मुझे सुबह ड्यूटी पर जाते समय ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बारे में पता चला। बढ़ोतरी से फर्क तो पड़ रहा है, लेकिन हम कर भी क्या सकते हैं। युद्ध की स्थिति के कारण सभी देशों में हालात एक जैसे ही हैं। 2-3 रुपए बढ़ रहे हैं तो निश्चित तौर पर बजट पर असर पड़ रहा है।”

एक दूसरे उपभोक्ता ने कहा, “मैं कपड़ों के व्यवसाय में काम करता हूँ और सड़कों पर कपड़े बेचता हूँ। यह मेरी रोज़ाना की कमाई का ज़रिया है और अब ईंधन की कीमतें बढ़ने से मुश्किलें पैदा हो रही हैं। कमाई कम हो रही है और कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं।” दिल्ली निवासी कृष्णा पाठक ने कहा कि कीमतें बढ़ने से जनता को भारी परेशानी हो रही है। देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, गैस तक की कीमतें बढ़ी हुई हैं। आम लोगों को घर चलाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एक दूसरे शख्स ने कहा कि युद्ध की वजह से हालात प्रभावित हो रहे हैं। सरकार मैनेज करने की हर संभव कोशिश कर रही है, लेकिन असर तो हो ही रहा है। गरीब लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। वहीं, मुंबई के एक शख्स ने कहा कि कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन आम आदमी के पास कोई विकल्प नहीं है। दीपक सोलंकी ने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी आम आदमी को उठानी पड़ रही है।

यूपी के बलिया में भी इसी तरह की प्रतिक्रिया देखने को मिली। एक शख्स ने नाराजगी जताते हुए कहा कि तीन रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है और इससे आम जनता को काफी परेशानी हो रही है। हर चीज महंगी हो गई है। गैस, डीजल, पेट्रोल, सब कुछ महंगा हो गया है। हर जगह लाइन लगानी पड़ रही है।

Exit mobile version