June 11, 2026
National

खुर्जा में मुठभेड़ के बाद बदमाश गिरफ्तार, पुलिस की गोली से घायल

Criminal arrested after encounter in Khurja; injured by police gunfire.

11 जून । खुर्जा नगर पुलिस और बदमाश के बीच बीती रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से खुर्जा के सुल्तानपुर गांव का रहने वाला मनोज उर्फ बब्बल घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के पास से तमंचा, तीन कारतूस और एक बाइक बरामद की है।

जेल में हुई कहासुनी के बाद आरोपी ने एक युवक के घर के बाहर फायरिंग की थी। पुलिस की ओर से मामला दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश की जा रही थी। चेकिंग के दौरान खुर्जा-झाझर रोड पर आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया।

सीओ शोभित कुमार ने बताया कि बीती रात करीब 10 बजे के आसपास थाना खुर्जा नगर पुलिस की एक आरोपी के साथ मुठभेड़ हुई। आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। सीओ ने बताया कि पुलिस की ओर से खुर्जा-झाझर रोड चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस की ओर से उसको रुकने का इशारा किया गया। आरोपी ने चेकिंग प्वाइंट तोड़कर तेज रफ्तार से बाइक भगाई।

सीओ ने बताया कि इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा किया। दूसरी तरफ से भी पुलिस की एक टीम आई। खुद को घिरता देख आरोपी की ओर से बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हुआ। आरोपी के खिलाफ पहले से 10 गंभीर मामलों में केस दर्ज है। घायल आरोपी को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भिजवा दिया गया है। इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई खुर्जा नगर पुलिस की ओर से की जा रही है।

वहीं, सुल्तानपुर में दो सगी बहनों से छेड़खानी करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है। आरोपी के पास से तमंचा व चोरी की बाइक बरामद की गई है। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इलाज के लिए उसको अस्पताल भेजा गया है। आरोपी ने 9 जून को शास्त्रीनगर इलाके में घर से बाहर सामान लेने निकलीं दो सगी बहनों से अंधेरे का फायदा उठाकर छेड़खानी की थी।

Leave feedback about this

  • Service