N1Live National गाजीपुर में बच्चियों के अपहरण मामले में वांछित 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
National

गाजीपुर में बच्चियों के अपहरण मामले में वांछित 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Criminal wanted in Ghazipur girl-kidnapping case, carrying a reward of ₹50,000, arrested after an encounter.

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सैदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नाबालिग बच्चियों के अपहरण के मामले में वांछित और 50 हजार रुपए के इनामी अभियुक्त संजय बिन्द उर्फ बुझारत बिन्द को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल भेजा गया। उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक सैदपुर को मुखबिर से सूचना मिली कि 50 हजार रुपए का इनामी अपराधी सादात की ओर से गाजीपुर की तरफ आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने अहिरौली गांव के पास प्राइवेट आईटीआई पुरानी पिच रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान सादात की ओर से मोटरसाइकिल से आ रहे अभियुक्त को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर 5-6 राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।सैदपुर क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय बिन्द निवासी अकटहिया, थाना मुहम्मदाबाद, हालपता बाकरबाद महराजगंज, थाना कोतवाली गाजीपुर उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है। उसके ऊपर पहले से ही 14 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, दो मोटरसाइकिल और 1,300 रुपए बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version