केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 88वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। सीआरपीएफ डीजी जी.पी. सिंह ने सभी जवानों को इस मौके पर शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी सीआरपीएफ को शुभकामनाएं दी हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अदम्य शौर्य, अनुशासन एवं समर्पण भाव के साथ राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा हेतु सतत तत्पर ‘केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल’ के सभी वीर जवानों एवं उनके परिजनों को सीआरपीएफ के स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्रसेवा में निरंतर तत्पर वीर जवानों पर हम सभी को गर्व है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिखा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आंतरिक सुरक्षा के लिए बल की प्रभावशाली एवं दक्षतापूर्ण कर्तव्यनिष्ठा से देश में विविधता के बावजूद एकता अक्षुण्ण है। कर्तव्य निर्वहन के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले जवानों को नमन।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लिखा कि सीआरपीएफ स्थापना दिवस पर सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स के बहादुर जवानों को सम्मान! देश आपकी अटूट हिम्मत, समर्पण और निस्वार्थ सेवा के लिए हमेशा आपका आभारी रहेगा।
उन्होंने आगे लिखा कि सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स के उन जवानों की सेवा और समर्पण को सलाम, जो देश में लगातार कानून-व्यवस्था बनाए रखकर तथा सेवा और निष्ठा की विरासत को कायम रखते हुए ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के आदर्श का पालन करते हैं। सीआरपीएफ स्थापना दिवस पर हार्दिक बधाई!
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा कि ‘सेवा एवं निष्ठा’ के ध्येय वाक्य को सार्थक करने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के स्थापना दिवस पर सभी वीर जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देश की आंतरिक सुरक्षा, विशेषकर नक्सलवाद और उग्रवाद के विरुद्ध अभियान में आपका अदम्य शौर्य और अटूट समर्पण अतुलनीय है। हर देशवासी को आपकी कर्तव्यनिष्ठा और वीरता पर गर्व है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के पर्याय ‘केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल’ के स्थापना दिवस पर सभी वीर जवानों, अधिकारियों एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! राष्ट्र की सुरक्षा और अखंडता के लिए आपका अदम्य साहस, अनुशासन, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक भारतवासी के हृदय में गर्व और विश्वास का संचार करती है। विपरीत परिस्थितियों में भी मातृभूमि की रक्षा हेतु आपका अटूट समर्पण सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के स्थापना दिवस पर राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता और आंतरिक शांति की रक्षा के लिए सदैव समर्पित एवं कर्तव्यनिष्ठ सभी सीआरपीएफ के वीर जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपका अदम्य साहस, अनुशासन, त्याग और राष्ट्रसेवा का संकल्प प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स भारत की आंतरिक सुरक्षा का एक मजबूत आधार रही है और इसने साहस व कर्तव्य-निष्ठा के साथ देश की सेवा की है। मुश्किल इलाकों और कठिन परिस्थितियों में भी इन्होंने शांति बनाए रखी है, नागरिकों की रक्षा की है और राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया है। हम सीआरपीएफ के सभी जवानों को सलाम करते हैं और उन लोगों को याद करते हैं जिन्होंने देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया।

