May 9, 2026
Entertainment

‘साइकिल गैप’ में दिखेगी म्यूजिकल लव स्टोरी, डायरेक्टर बोले- संगीत बनेगा किरदारों की भावनाओं का पुल

‘Cycle Gap’ will feature a musical love story; the director says music will bridge the characters’ emotions.

9 मई । भारतीय सिनेमा में समय के साथ लव स्टोरीज को पेश करने का तरीका काफी बदल गया है। दर्शकों को ऐसी फिल्में ज्यादा पसंद आती है, जिसमें म्यूजिक कहानी का अहम हिस्सा होता है। इस कड़ी में निर्देशक एम आर भारती की नई फिल्म ‘साइकिल गैप’ काफी चर्चा में है। यह फिल्म एक म्यूजिकल ट्रायंगल लव स्टोरी है, जिसमें संगीत किरदारों की भावनाओं को जोड़ने वाला पुल बनेगा।

निर्देशक एम आर भारती ने अपनी इस नई फिल्म को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा, ”’साइकिल गैप’ एक ऐसी रिलेशनशिप ड्रामा फिल्म है, जहां संगीत कहानी के केंद्र में रहेगा। कई बार इंसान अपनी भावनाओं को शब्दों में पूरी तरह नहीं बता पाता, लेकिन संगीत उन भावनाओं को बहुत आसानी से व्यक्त कर देता है। यही वजह है कि इस फिल्म में गानों और संगीत को बहुत खास तरीके से इस्तेमाल किया गया है।”

भारती ने कहा, ”हमने फिल्म को आज की युवा पीढ़ी के हिसाब से मॉडर्न अंदाज में बनाया है, लेकिन साथ ही इसमें पुराने दौर की क्लासिक म्यूजिकल रोमांस फिल्मों की भावनात्मक खूबसूरती को भी बनाए रखने की कोशिश की है।”

एम आर भारती पहले भी अपनी फिल्मों में गहरी और भावनात्मक कहानियां दिखाने के लिए पहचाने जाते रहे हैं। उनकी फिल्म ‘अझियाधा कोलांगल 2’ को दर्शकों और समीक्षकों ने काफी सराहा था। वहीं उनकी हालिया फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ ने प्यार, सपनों और यादों जैसे विषयों को एक अलग और अनोखे तरीके से पेश कर लोगों का ध्यान खींचा था। अब ‘साइकिल गैप’ के जरिए वह अपनी इसी भावनात्मक कहानी कहने की शैली को आगे बढ़ाने जा रहे हैं।

फिल्म के निर्माता और मुख्य अभिनेता नवाज ने भी ‘साइकिल गैप’ को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की है। उन्होंने कहा, ”मुझे हमेशा से ऐसी म्यूजिकल लव स्टोरी पसंद रही हैं, जो सालों तक लोगों के दिलों में बनी रहती हैं। इस फिल्म को भी उसी भावना के साथ तैयार किया गया है, ताकि दर्शकों के दिमाग में किरदार और संगीत लंबे समय तक बने रहें। निर्देशक भारती की कहानियों में गहरी भावनाएं होती हैं।”

नवाज ने कहा, ”प्रोडक्शन कंपनी ट्यूब लाइट प्रोडक्शंस का मकसद ऐसी फिल्म बनाना होता है, जो युवा दर्शकों को आकर्षित करे, देखने में ताजगी भरी लगे और संगीत के मामले में भी यादगार साबित हो।”

फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इसमें नवाज के साथ अभिनेत्री शेरी अग्रवाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। शेरी अग्रवाल इस फिल्म के जरिए एक्टिंग में डेब्यू करने वाली है। इसके अलावा अभिनेता प्रभु शास्ता भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।

‘साइकिल गैप’ में संगीत देने का काम संगीतकार सतीश पद्मनाभन ने किया है। वहीं गानों को नरेश अय्यर, श्रीनिषा जयसीलन और कौशिक श्रीधरन जैसे प्रतिभाशाली गायकों ने अपनी आवाज दी है।

Leave feedback about this

  • Service