N1Live Entertainment गंगा मां की बेटियां: इंदिरा कृष्णन ने बताया दुर्गावती का सफर, बोलीं- ऐसे किरदार टीवी के बदलाव को दिखाते है
Entertainment

गंगा मां की बेटियां: इंदिरा कृष्णन ने बताया दुर्गावती का सफर, बोलीं- ऐसे किरदार टीवी के बदलाव को दिखाते है

Daughters of Mother Ganga: Indira Krishnan recounts Durgavati's journey, says such characters reflect the changing face of television.

अभिनेत्री इंदिरा कृष्णन टेलीविजन ने कई फिल्मों और टीवी शोज में अपनी अलग पहचान बनाई है। इन दिनों वह टीवी शो ‘गंगा मां की बेटियां’ में दुर्गावती का किरदार निभा रही हैं, जो मजबूत सोच रखने वाली और अपने फैसलों पर अडिग रहने वाली महिला है। अभिनेत्री का कहना है कि इस किरदार के जरिए उन्हें एक ऐसी महिला की कहानी दिखाने का मौका मिला, जो ताकत के साथ-साथ अपनी कमजोरियों और भावनाओं को भी स्वीकार करती है।

इंदिरा कृष्णन ने अपने किरदार को लेकर बात करते हुए कहा, ”दुर्गावती कई परतों वाला किरदार है। इस भूमिका को निभाने के दौरान मुझे एक कलाकार के तौर पर कई अलग-अलग भावनाओं को समझने और पर्दे पर उतारने का मौका मिला। उसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह मुश्किल परिस्थितियों में भी अपने विचारों और सिद्धांतों से पीछे नहीं हटती।”

इंदिरा ने कहा, ”दुर्गावती मेरे करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में से एक है, क्योंकि यह किरदार मुझे एक अभिनेत्री के तौर पर लगातार आगे बढ़ने का मौका देता है।

अभिनेत्री ने बताया, ”दुर्गावती की कहानी सिर्फ एक मजबूत महिला बनने तक सीमित नहीं है। यह एक ऐसी महिला की यात्रा है, जो उस समय भी अपने विश्वासों के साथ खड़ी रहती है, जब लोग उसे गलत समझने लगते हैं। उसके हर निर्णय का असर उसके आसपास के लोगों की जिंदगी पर पड़ता है।”

उन्होंने कहा, ”एक कलाकार के तौर पर ऐसी महिला को पर्दे पर निभाना बेहद संतोषजनक है, जो निडर, मजबूत और जटिल भावनाओं से भरी हुई है। मुझे लगता है कि दुर्गावती जैसे किरदार टीवी पर बदलती हुई कहानियों को दिखाते हैं, जहां महिलाएं अब सिर्फ कुछ तय छवियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपनी सोच और उद्देश्य के साथ कहानी को आगे बढ़ा रही हैं।”

वहीं, शो की कहानी में आने वाले एपिसोड काफी दिलचस्प होने वाले हैं। दुर्गावती की जिंदगी में एक बड़ा संकट आने वाला है, जब उन पर गंगा (शुभांगी लाटकर) की जान लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया जाएगा। इस आरोप के बाद उनके रिश्तों में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सबसे बड़ा असर दुर्गावती और उनके बेटे सिद्धू (शिजान खान) के रिश्ते पर पड़ेगा।

Exit mobile version