N1Live National दिल्ली: जहर खाकर गई कारोबारी की जान, परिवार हैरान, जांच में जुटी पुलिस
National

दिल्ली: जहर खाकर गई कारोबारी की जान, परिवार हैरान, जांच में जुटी पुलिस

Delhi: Businessman dies after consuming poison, family shocked, police investigating

राजधानी दिल्ली के बाहरी जिला अंतर्गत रानी बाग थाना इलाके में बीती देर रात रानी बाग पुलिस कर्मियों को नाइट पेट्रोलिंग के दौरान सड़क किनारे 34-35 वर्षीय एक व्यक्ति कार के पास नशे जैसी स्थिति में मिला, जिसके बाद पुलिस उसे पहले थाने ले आई और जैसे ही चंद मिनटों बाद उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने जहर खा लिया है। पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को समझकर तुरंत ही देरी न करते हुए उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात को दिल्ली के रानी बाग थाना इलाके में रानी बाग थाने के पेट्रोलिंग स्टाफ को एपीजे स्कूल के सामने वाली सड़क किनारे एक कार के पास एक व्यक्ति नशे जैसी हालत में मिला, जिसे यह सोचकर कि उसके साथ किसी तरह की कोई लूटपाट या अन्य वारदात ना हो जाए पुलिसकर्मी उसे थाने ले आए और थाने ले जाने के बाद जब उससे पूछताछ की गई तो उसने पुलिस को जो बात बताई उसे सभी के होश उड़ गए। व्यक्ति ने बताया कि वह काफी परेशान है और उसने जहर खा लिया है, जिसके बाद मामले की गंभीरता को समझते हुए रानी बाग थाना पुलिस ने ही तुरंत व्यक्ति को पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दौरान पुलिस ने उसके मोबाइल में मिले नंबरों के आधार पर उसके परिवार के लोगों से काफी संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसके परिवार के किसी भी व्यक्ति ने फोन नहीं उठाया। पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक व्यक्ति ने अपने घर के पते पर ऑनलाइन कोई जहरीला पदार्थ (सल्फास) मंगाया था।

मृतक की पहचान बृजकेश मिश्रा, 35 साल निवासी रोहिणी के रूप में हुई है, जो ऑनलाइन काम किया करते थे। मृतक के परिवार में माता-पिता, छोटा भाई, पत्नी, और दो छोटे बच्चे भी हैं। हालांकि, परिवार ने कैमरे पर कुछ भी बोलने से साफ इंकार कर दिया। अब उन्हें खुद भी समझ नहीं आ रहा है कि आखिरकार बृजकेश ने इतना बड़ा कदम आखिर क्यों उठाया है।

जानकारी के अनुसार बृजकेश कल घर से गुरुग्राम के लिए निकले थे और वहां से घर वापस आ रहे थे। हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हुआ है कि मृतक ने आखिर ऐसा क्यों किया। इसी वजह से पुलिस हर एंगल से मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है, बेशक रानी बाग थाना पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए मृतक के बताने के तुरंत बाद ही उसे अस्पताल में एडमिट कराया लेकिन बदकिस्मती से उसकी जान नहीं बच सकी।

Exit mobile version