N1Live National दिल्ली क्राइम ब्रांच ने हत्या की कोशिश के फरार आरोपी अहमद रज़ा उर्फ सद्दाम को जयपुर से गिरफ्तार किया
National

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने हत्या की कोशिश के फरार आरोपी अहमद रज़ा उर्फ सद्दाम को जयपुर से गिरफ्तार किया

Delhi Crime Branch arrested absconding accused of attempt to murder, Ahmed Raza alias Saddam, from Jaipur.

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या की कोशिश के मामले में फरार चल रहे एक खतरनाक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान अहमद रज़ा उर्फ सद्दाम (उम्र करीब 26 वर्ष), निवासी आज़ादपुर, दिल्ली के रूप में हुई है।

वह थाना आदर्श नगर में दर्ज एफआईआर में हत्या की कोशिश के मामले में वांछित था। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 118(1) और 3(5) के तहत दर्ज किया गया था। आरोपी 12 जनवरी 2025 से फरार चल रहा था और 26 नवंबर 2025 को न्यायालय ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था। अब उसे बीएनएसएस की धारा 35(1)(डी) के तहत गिरफ्तार किया गया है।

मामला 12 जनवरी 2025 की रात करीब 8:30 बजे का है, जब आज़ादपुर फ्लाईओवर के पास वाइन शॉप एरिया में हिंसक झगड़े की घटना हुई थी। शिकायतकर्ता शाहजहां पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिससे उसे कई गंभीर चोटें आई थीं। उसके बाएं हाथ की उंगली में गंभीर जख्म पाया गया। डॉक्टर की राय के बाद मामले में संबंधित कानूनी धाराएं जोड़ी गईं। जांच के दौरान पुलिस ने अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की और सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी दाखिल की। लेकिन, अहमद रज़ा घटना के बाद से फरार था।

क्राइम ब्रांच की आर.के. पुरम यूनिट को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा वांछित अपराधियों और संगठित अपराध में शामिल लोगों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। डीसीपी क्राइम पंकज कुमार के मार्गदर्शन और एसीपी एनडीआर उमेश बर्थवाल की देखरेख में इंस्पेक्टर रामपाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में एसआई मुकेश सिंह, एएसआई संजय और हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र शामिल थे। टीम ने गुप्त सूचनाओं और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का पता लगाना शुरू किया। लगातार प्रयासों और स्थानीय पुलिस इकाइयों के समन्वय से यह जानकारी मिली कि आरोपी जयपुर, राजस्थान में छिपा हुआ है।

विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने जयपुर में एक सुनियोजित अभियान चलाया और 10 फरवरी 2026 को आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे भागने का मौका नहीं दिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान की पुष्टि की और मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अशिक्षित है और आज़ादपुर मंडी में फल बेचने का काम करता था। गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version