N1Live National दिल्ली: सुभाष नगर इलाके में कार ने डिलीवरी बॉय को मारी टक्कर, मौत
National

दिल्ली: सुभाष नगर इलाके में कार ने डिलीवरी बॉय को मारी टक्कर, मौत

Delhi: Delivery boy killed after being hit by car in Subhash Nagar area

21 फरवरी । दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में एक तेज रफ्तार कार ने डिलीवरी बॉय को कुचल दिया। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।

एक चश्मदीद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि यह घटना रात करीब 2:30 बजे हुई। पेट्रोल पंप पर काम करने वाले युवक ने बताया कि मैंने बहुत तेज आवाज सुनी और भागकर यहां आया। उन लड़कों ने शराब पी रखी थी और कार की स्पीड करीब 150 थी। उसने डिलीवरी बॉय को कुचल दिया। चश्मदीद ने बताया कि एक युवक भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया।

साथ काम करने वाले डिलीवरी बॉय ने बताया, “रात में काले रंग की कार ने टक्कर मारी थी, जिसमें युवक की मौत हो गई। वह मेरे साथ काम करता था। हम रात में ही साथ मिलकर काम करते थे।”

उसने आरोप लगाए कि कार सवार युवक नशे में धुत थे और तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा रहे थे।

दिल्ली पुलिस ने घटना के बारे में कहा कि सुभाष नगर मेट्रो रेड लाइट के पास यह हादसा हुआ। करीब साढ़े तीन बजे हादसे के बारे में पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना पर एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डिलीवरी बॉय की पहचान हेम शंकर के रूप में हुई है। वह दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कार ड्राइवर की पहचान नजफगढ़ के मोहित कुमार के रूप में हुई है। इसे हिरासत में ले लिया गया है और कार भी जब्त कर ली है। आरोपी एमसीडी में कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करता है। फिलहाल एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।

Exit mobile version