N1Live Entertainment सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ की रिलीज पर रोक लगाने से दिल्ली हाईकोर्ट का इनकार
Entertainment

सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ की रिलीज पर रोक लगाने से दिल्ली हाईकोर्ट का इनकार

सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। फिल्म के टीजर और ट्रेलर में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को लेकर दिखाए गए सीन्स पर डॉक्टरों के एक वर्ग ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इस तरह के सीन्स मेडिकल कम्युनिटी की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी आधार पर फिल्म के रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी। अब इस याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने फिल्म की रिलीज रोकने का आदेश देने से इनकार कर दिया है।

याचिकाकर्ता की ओर से अदालत में दलील दी गई कि फिल्म के टीजर में स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा दिखाई गई है। वकील ने कहा कि डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा लगातार सामने आ रही है और ऐसे माहौल में इस तरह के सीन्स चिंता बढ़ाने वाले हैं। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े डॉक्टरों की सुरक्षा और उनकी सामाजिक छवि को लेकर भी चिंता जताई।

अदालत ने याचिका पर फिल्म की रिलीज रोकने का कोई आदेश पारित नहीं किया और कहा कि हमें इस जनहित याचिका पर विचार करने का कोई कारण नजर नहीं आता। हालांकि, कोर्ट ने याचिकाकर्ता को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के सामने अपना पक्ष रखने की छूट दी।

सुनवाई के बाद याचिकाकर्ता डॉ. नचिकेत भाटिया ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ”हमारी मांग है कि फिल्म के ऐसे सीन्स और डायलॉग्स में बदलाव किया जाए, जो मेडिकल कम्युनिटी की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। फिल्म के टीजर में सनी देओल डॉक्टरों और हेल्थकेयर स्टाफ को बुरी तरह मारते हुए दिखाई देते हैं। इसके साथ ही एक डायलॉग है, जिसमें सनी देओल कहते है- ‘डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन नहीं, कमीशन लिखते हैं’… डॉक्टरों पर बेवजह बिल बनाने का आरोप लगाया गया है। हमारी चिंता है कि इस तरह की चीजें डॉक्टरों और मरीजों के बीच के भरोसे को प्रभावित कर सकती हैं। हर मरीज इलाज से पहले डॉक्टर को चोर या लुटेरा समझने लगेगा।”

उन्होंने आगे कहा, ”टीजर में कहानी को ‘अनबिलीवेबल ट्रू इवेंट्स’ यानी अविश्वसनीय सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताया गया है। ऐसे में दर्शक फिल्म में दिखाई गई बातों को वास्तविक स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ सकते हैं। हमने मांग की है कि फिल्म और उसके प्रमोशनल कंटेंट की जांच हो, आपत्तिजनक हिस्सों में जरूरत के मुताबिक बदलाव किए जाएं और यह साफ किया जाए कि कहानी काल्पनिक है।”

एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ में सनी देओल मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Exit mobile version