N1Live National दिल्ली: कनॉट प्लेस की सभी दुकानें, दफ्तर और रेस्तरां शाम साढ़े छह बजे तक बंद करने के निर्देश, सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला
National

दिल्ली: कनॉट प्लेस की सभी दुकानें, दफ्तर और रेस्तरां शाम साढ़े छह बजे तक बंद करने के निर्देश, सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला

Delhi: Instructions issued to close all shops, offices, and restaurants in Connaught Place by 6:30 PM; decision taken for security reasons.

23 जुलाई । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र कनॉट प्लेस (सीपी) में बिगड़ते हालात को देखते हुए गुरुवार को सभी दुकानों, कार्यालयों और रेस्तरां को शाम 6:30 बजे तक बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

इस संबंध में नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) के अध्यक्ष अतुल भार्गव की ओर से एक अत्यावश्यक सलाह (एडवाइजरी सर्कुलर) जारी किया गया। एडवाइजरी के अनुसार, नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के टेलीफोन पर दिए गए निर्देशों के बाद यह फैसला लिया गया है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि कनॉट प्लेस के आसपास की गंभीर और संवेदनशील स्थिति को देखते हुए 23 जुलाई को सभी दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, कार्यालय और रेस्तरां शाम 6:30 बजे तक अनिवार्य रूप से बंद कर दिए जाएं।

सभी प्रतिष्ठान मालिकों और संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करने और पूरा सहयोग देने की अपील की गई है। एडवाइजरी में कहा गया है कि इन निर्देशों का उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति से बचना, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा संपत्ति के संभावित नुकसान और किसी भी तरह की जनहानि को रोकना है।

हालांकि, जारी एडवाइजरी में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कनॉट प्लेस के आसपास किस विशेष परिस्थिति या घटना के कारण यह एहतियाती कदम उठाया गया है। प्रशासन की ओर से फिलहाल लोगों से सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

बता दें कि सीपी के पास जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। जहां 20 जुलाई को संसद चलो मार्च के दौरान हिंसा भी हुई थी, जिसके बाद हालात बिगड़ गए थे, लेकिन फिलहाल स्थिति शांत है और पुलिस-प्रशासन किसी भी अनहोनी को टालने के लिए सभी एहतियाती कदम उठा रही है।

इसके साथ ही, सीपी से लेकर जंतर-मंतर तक पूरे इलाके में छात्रों की भीड़ देखी जा रही है।

Exit mobile version