N1Live National दिल्ली : यमुना में नहाने गए दो मासूमों में से एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी
National

दिल्ली : यमुना में नहाने गए दो मासूमों में से एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी

Delhi: One of the two children who went to bathe in Yamuna dies, search continues for the other

15 अप्रैल । राजधानी दिल्ली से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यमुना में नहाने गए दो मासूम बच्चों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में एक बच्चे की मौत हो चुकी है, जबकि दूसरे की तलाश अब भी जारी है।

घटना दिल्ली के तिमारपुर थाना इलाके के सुरघाट यमुना की है, जहां यमुना की लहरों ने दो मासूमों को अपनी आगोश में ले लिया। बताया जा रहा है कि डेयरी नंबर-3 इलाके से 6 दोस्त यमुना में नहाने के लिए आए थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मस्ती उनके लिए जानलेवा साबित होगी।

बताया जा रहा है कि नहाते-नहाते अचानक 13 वर्षीय दिक्षु और 11 वर्षीय प्रताप गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों बच्चे डूबने लगे। मौके पर मौजूद दोस्तों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि दोनों को बचाया नहीं जा सका।

वहीं जब परिवार को इसकी सूचना मिली तो सभी घाट की तरफ दौड़े। इस बीच घटना की सूचना स्थानीय गोताखोरों और पुलिस को दी गई। दोनों टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और दोनों बच्चों की तलाश शुरू हुई। करीब डेढ़ घंटे तक गोताखोरों की टीम नदी में बच्चों की तलाश करती रही।

इस दौरान कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दिक्षु के शव को यमुना से बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरे मासूम प्रताप का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तिमारपुर थाना पुलिस मौके पर मौजूद है और गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मृतक बच्चे दिक्षु के पिता ने बताया कि हमारा बेटा दिक्षु अन्य बच्चों के साथ यमुना में नहाने गया था और तभी यह हादसा हुआ। हमें इसकी सूचना दोपहर करीब 3:00-3:30 बजे मिली। कई बच्चे वहां नियमित रूप से जाते हैं, हम क्या कर सकते हैं, माता-पिता हर जगह उनके पीछे नहीं जा सकते।

वहीं लापता बच्चे प्रताप की मां ने बताया कि वह आमतौर पर स्कूल जाता था, लेकिन आज छुट्टी थी, इसलिए वह नहीं गया। वह सातवीं कक्षा में पढ़ता है। उसके साथ गए बच्चों ने बताया कि प्रताप डूब गया है। उसकी तलाश की जा रही है।

Exit mobile version