March 27, 2026
National

दिल्ली पुलिस ने महरौली में अपराधी को किया गिरफ्तार, हथियार बरामद

Delhi Police arrests criminal in Mehrauli, recovers weapon

27 मार्च । दक्षिणी दिल्ली के महरौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने पेशेवर अपराधी को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि फिलहाल जमानत पर बाहर रह रहा अपराधी अपने खिलाफ चल रहे मामलों के गवाहों को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए महरौली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया।

एसीपी महरौली की निगरानी में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई अमित कुमार, एएसआई रविंदर, कॉन्स्टेबल विनोद और कॉन्स्टेबल अर्जुन शामिल थे। टीम ने अंधेरिया मोड़, एमबी रोड के पास छापा मारा। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की लेकिन टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक भरी हुई देसी पिस्तौल बरामद हुई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने छतरपुर स्थित उसके घर पर भी छापा मारा, जहां से चार और जानलेवा हथियार चाकू और छोटी तलवारें बरामद की गईं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन के रूप में हुई है जो एक पेशेवर अपराधी है और पहले से कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह वर्ष 2012 से लेकर 2024 तक विभिन्न थानों में दर्ज करीब नौ मामलों में आरोपी रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से न केवल संभावित अपराध को रोका गया है बल्कि उन गवाहों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई है, जिन्हें वह निशाना बनाने की फिराक में था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जबसे जमानत पर रिहा होकर आया था, तब से उस पर नजर रखी जा रही थी, जिससे वह किसी को नुकसान न पहुंचा सके। सूचना के आधार पर उसको गिरफ्तार किया गया।

Leave feedback about this

  • Service