N1Live National दिल्ली पुलिस ने रूसी विदेश मंत्री का ‘फर्जी’ वीडियो शेयर करने पर प्रशांत भूषण के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
National

दिल्ली पुलिस ने रूसी विदेश मंत्री का ‘फर्जी’ वीडियो शेयर करने पर प्रशांत भूषण के खिलाफ दर्ज की एफआईआर

दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण के खिलाफ रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का कथित रूप से डॉक्टर्ड वीडियो शेयर करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह मामला मंगलवार (3 नवंबर) को साइबर पेट्रोलिंग के दौरान सामने आया। टीम ने एक सोशल मीडिया पोस्ट देखा, जिसमें आरोप लगाया गया था कि रूसी विदेश मंत्री का कथित तौर पर छेड़छाड़ किया गया वीडियो भूषण के हैंडल से शेयर किया गया था।

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “3 नवंबर को, साइबर पेट्रोलिंग के दौरान, यह पता चला कि एक सोशल मीडिया हैंडल ने दावा किया है कि रूसी विदेश मंत्री का एक कथित डॉक्टर्ड वीडियो, जो भारत के खिलाफ है, प्रशांत भूषण के हैंडल से शेयर किया गया था।”

दिलली पुलिस ने कहा, “वीडियो के माध्यम से भ्रामक, मानहानिकारक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित कर सार्वजनिक उपद्रव व अफवाहें फैलाने का आरोप है। इस संबंध में बीएनएस की धारा 336(4), 353(1) (सी), 356 और 340(2) के तहत एफआईआर और आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर दिया गया है।” अधिकारियों ने बताया कि यह एफआईआर स्पेशल सेल पुलिस थाने में दर्ज की गई है।

इससे पहले, विदेश मंत्रालय (एमईए) की फैक्ट-चेक यूनिट ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के कथित वीडियो के संबंध में बयान दिया और इसे फर्जी बताया। शेयर किए गए डॉक्टर्ड वीडियो में रूसी विदेश मंत्री भारत के अंदरूनी मामलों और तेल खरीद पर आलोचना करते हुए दिख रहे थे।

प्रशांत भूषण की ओर से शेयर किए गए वीडियो के तथ्यों को रूसी दूतावास ने भी खारिज किया था। इसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि क्लिप पूरी तरह से मनगढ़ंत थी। एमईए ने एक पोस्ट में लिखा, “फेक अलर्ट! इस पोस्ट में इस्तेमाल किया जा रहा रूसी विदेश मंत्री का वीडियो फर्जी है!”

Exit mobile version