N1Live Entertainment दिल्ली: पांच दिन तक घर में पड़ा रहा मशहूर संगीतकार रवि डे का शव, बदबू आने पर पुलिस ने तोड़ा ताला
Entertainment

दिल्ली: पांच दिन तक घर में पड़ा रहा मशहूर संगीतकार रवि डे का शव, बदबू आने पर पुलिस ने तोड़ा ताला

Delhi: Renowned musician Ravi Dey's body lay in his home for five days; police broke the lock after a foul smell was detected.

दिल्ली के कालकाजी थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी एक्सटेंशन इलाके से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। मशहूर संगीतकार रवि डे का शव उनके किराए के मकान में करीब पांच दिनों तक पड़ा रहा। जब घर से तेज बदबू आने लगी तो पड़ोसियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का ताला तोड़ा और शव को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, रवि डे गोविंदपुरी एक्सटेंशन स्थित एक किराए के मकान में अकेले रहते थे। उनकी मौत के बाद कई दिनों तक किसी परिजन ने उनकी सुध नहीं ली। शव लंबे समय तक घर के अंदर पड़े रहने के कारण सड़ने लगा था।बताया जा रहा है कि 14 अगस्त को मकान से बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर रवि डे का शव पड़ा मिला, जो काफी हद तक सड़ चुका था और उसमें कीड़े भी लगने लगे थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के बाद 16 अगस्त को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआत में रवि डे के बेटों ने पुलिस को बताया कि उनका अपने पिता से कोई संबंध नहीं है और वे शव लेने के लिए भी नहीं पहुंचे। हालांकि, बाद में पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद परिजन आगे आए। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उनके बेटों को सौंप दिया गया।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे सामान्य मौत का मामला माना जा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

हाल ही सोनीपत से भी ऐसा ही एक झकजोर देने वाला मामला सामने आया था। जहां आश्रम में रह रहे बुजुर्ग की मौत के बाद भी उनकी तीन बेटियों में से कोई भी अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुआ था। अंतिम सस्कार को वीडियो कॉल पर देखने वाली एक बेटी का एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया था।

Exit mobile version