5 अप्रैल । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी विकास को सांस्कृतिक धरोहर, संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ संतुलित कर आगे बढ़ रही है।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दिल्ली के बजट में पशु कल्याण और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए किए गए प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 62 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। इसका उद्देश्य पशु अस्पतालों के आधुनिकीकरण और उन्नत उपचार सुविधाओं जैसे सर्जरी और टीकाकरण को बढ़ाना है।
सीएम गुप्ता ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार मौजूदा पशु चिकित्सा ढांचे को उन्नत करने के लिए काम कर रही है, ताकि जानवरों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके। इससे सरकारी सुविधाओं की क्षमता बढ़ेगी और पालतू जानवरों तथा आवारा जानवरों की देखभाल करने वालों के लिए गुणवत्तापूर्ण इलाज और अधिक सुलभ होगा।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रारंभिक चरण में 10 आधुनिक गौशालाओं के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से यह संख्या 40 तक बढ़ाई जाएगी, जो दिल्ली सरकार की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने जानवरों के प्रति क्रूरता को रोकने के लिए कहा कि हर जिले में एसपीसीए (सोसाइटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स) समितियां बनाई जा रही हैं। ये समितियां जानवरों के प्रति दुराचार के मामलों में त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी, जिससे जमीनी स्तर पर प्रवर्तन मजबूत होगा।
सीएम ने कहा, “हमारा लक्ष्य ऐसा दिल्ली बनाना है, जहां हर जीव के प्रति सहानुभूति साझा मूल्य हो और करुणा हमारी पहचान बने।”
यह घोषणाएं दिल्ली सरकार की एक व्यापक पहल का हिस्सा हैं, जिसका उद्देश्य मानवीय प्रशासन और शहरी विकास को एक साथ जोड़कर शहर को संतुलित और संवेदनशील विकास का मॉडल बनाना है।


Leave feedback about this