February 27, 2026
National

दिल्ली: एक ही फ्लैट कई लोगों को बेचा, आरोपी पति-पत्नी ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार

Delhi: Same flat sold to multiple people, accused husband and wife arrested from Greater Noida

27 फरवरी । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की द्वारका साउथ पुलिस टीम ने एक बड़े प्रॉपर्टी फ्रॉड का खुलासा करते हुए पति-पत्नी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है। दंपति पर आरोप है कि उन्होंने एक ही फ्लैट को कई लोगों को बेचकर करोड़ों रुपए की ठगी की।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि वर्ष 2024 में द्वारका साउथ थाने में धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज किए गए थे। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि एक महिला ने अपने फ्लैट को बेचने के लिए उनसे एग्रीमेंट टू सेल किया और अग्रिम रकम लेने के बाद न तो फ्लैट की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसा लौटाया। इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर राजेश कुमार साह और एसीपी द्वारका किशोर कुमार रेवाला के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई नवीन यादव, एएसआई महावीर, हेड कांस्टेबल प्रवीण यादव, हेड कांस्टेबल भूषण और महिला कांस्टेबल रूपाली देव शामिल थे। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम ने आरोपियों का सुराग लगाकर ग्रेटर नोएडा में छापा मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश कुमार सिकरी (57) और उसकी पत्नी शारदा सिकरी (55) के रूप में हुई है। शारदा सिकरी को 24 सितंबर 2025 को द्वारका कोर्ट की ओर से अपराधी घोषित किया गया था। उसकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी थी।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अपना फ्लैट बैंक में गिरवी रखा था। बैंक से सेटलमेंट के लिए पैसों की जरूरत होने पर उन्होंने एक ही संपत्ति को कई लोगों को बेचने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 2 से 2.5 करोड़ रुपए तक की ठगी की। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने इससे पहले भी कई लोगों को प्रॉपर्टी बेची थी, उनकी पहचान की जा रही है। साथ ही इन्होंने जो पैसे लिए थे, उसको रिकवर भी किया जा रहा है। पूछताछ में कई खुलासे हो सकते हैं। इन दोनों की काफी दिनों से तलाश चल रही थी।

Leave feedback about this

  • Service