N1Live National दिल्ली: राजेंद्र नगर के घर में चोरी के आरोप में युवक गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
National

दिल्ली: राजेंद्र नगर के घर में चोरी के आरोप में युवक गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

Delhi: Youth arrested for theft in Rajendra Nagar house, stolen goods recovered

30 मार्च । दिल्ली की राजेंद्र नगर पुलिस ने पिछले दिनों एक महिला के घर में हुई चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी किया हुआ सामान भी बरामद कर लिया गया है।

24 मार्च को राजेंद्र नगर थाने में घर में चोरी की एक शिकायत पर ई-एफआईआर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसी दिन रात करीब 9:20 बजे वह अपनी एक सहेली के घर गई थी। रात करीब 11:00 बजे जब वह अपने घर लौटी, तो उसने देखा कि उसके घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ और क्षतिग्रस्त था। घर के अंदर जाने पर उसने देखा कि उसका सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर उसे पता चला कि घर में से दो मोबाइल फोन, एक एप्पल आईपैड, एक एचपी लैपटॉप (काले रंग का) चार्जर के साथ, एक कैमरा (काले रंग का) चार्जर के साथ, एक हार्ड फोन/डबस्टेप डिवाइस, एक ग्रेनेड वायरलेस माइक्रोफोन (काले रंग का), एक वाइल्डक्राफ्ट/बैग (काले रंग का), 18,400 रुपए कैश और इनके अलावा कुछ अन्य छोटा-मोटा सामान गायब थे।

अपराध की गंभीरता को देखते हुए राजेंद्र नगर थाना पुलिस की एक विशेष टीम बनाई। इस टीम में एसआई योगेश पूनिया, एचसी सांवर मल, एचसी अमिताभ, कॉन्सटेबल प्रदीप और महिला कॉन्सटेबल रितिका शामिल थे। यह टीम राजेंद्र नगर थाना एसएचओ राजेंद्र सिंह और इंस्पेक्टर विजय सिंह गुर्जर की देखरेख में काम कर रही थी और इसका समग्र पर्यवेक्षण एसीपी करोल बाग शिवम कर रहे थे।

जांच ​​के दौरान अपराध स्थल की बहुत बारीकी से जांच की गई और सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की क्राइम टीम ने भी इसका मुआयना किया। टीम ने घटना स्थल और उसके आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया और साथ ही स्थानीय खुफिया जानकारी भी जुटाई।

सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर यह पता चला कि घर में चोरी करने के बाद आरोपी एक बस में चढ़ गया था। टीम ने लगातार सीसीटीवी फुटेज की मदद से उस बस के रास्ते का पता लगाया। वह बस द्वारका सेक्टर-2 बस डिपो पर मिल गई। बस के सीसीटीवी फुटेज की सावधानीपूर्वक जांच की गई, जिससे आरोपी व्यक्ति की एक स्पष्ट तस्वीर मिल गई।

फुटेज के आगे के विश्लेषण से पता चला कि आरोपी दासघरा बस स्टैंड पर उतर गया था। इसके बाद, टीम ने आरोपी की आगे की गतिविधियों का पता लगाने के लिए आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। साथ ही, कार्रवाई योग्य खुफिया जानकारी जुटाने के लिए इलाके में गुप्त मुखबिर भी तैनात किए गए।

27 मार्च को टीम को आरोपी के ठिकाने के बारे में विश्वसनीय जानकारी मिली। इस जानकारी पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को दासघरा, टोडापुर, दिल्ली से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज कुमार उर्फ राज कंवर (29) के रूप में हुई है।

लगातार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घर में चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह विशेष रूप से बंद घरों को निशाना बनाता था और घर वालों की गैर-मौजूदगी में चोरी करता था। आरोपी ने बताया कि उसने घर से चुराए गए सारे पैसे पहले ही खर्च कर दिए थे।

पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ का रहने वाला है और फिलहाल अपनी रोजी के लिए दिल्ली के इंद्रपुरी में एक टायर की दुकान पर काम करता है। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान उसके घर से बरामद कर लिया गया।

राजेंद्र नगर पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी कई चोरी और एनडीपीएस मामलों में शामिल रहा है, जिनकी एफआईआर दिल्ली के इंद्रपुरी और रंजीत नगर पुलिस स्टेशनों में दर्ज हैं।

Exit mobile version