13 अप्रैल । दिल्ली के द्वारका जिले के बिंदापुर इलाके में पुलिस की मुस्तैदी से एक स्नैचिंग केस का खुलासा हुआ है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से छीनी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूरा मामला 28 मार्च 2026 का है। दोपहर के समय ध्वनि शर्मा नाम की लड़की स्कूल से घर लौट रही थी। जैसे ही वह उत्तम नगर वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास पहुंची, पीछे से बाइक पर सवार दो लड़के आए। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। उन्होंने झपट्टा मारकर उसकी सोने की चेन छीन ली। छीना-झपटी के दौरान चेन टूट गई, जिसका आधा हिस्सा ध्वनि के पास रह गया और बाकी आधा आरोपी लेकर फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर बिंदापुर थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सबसे पहले घटनास्थल का दौरा किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल नजर आई, जिस पर दो संदिग्ध सवार थे। इसके बाद पुलिस ने उस बाइक का पीछा करने के लिए अलग-अलग जगहों के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार ट्रैकिंग के बाद पुलिस ने बाइक के मालिक की पहचान कर ली।
आखिरकार पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया, जिसकी पहचान चंदन के रूप में हुई। पूछताछ में चंदन ने बताया कि इस वारदात में उसका साला रोहन सेठ भी शामिल था। उसने यह भी खुलासा किया कि छीनी गई सोने की चेन का हिस्सा रोहन के पास है।
चंदन की निशानदेही पर पुलिस ने रोहन के घर पर छापा मारा, जहां से सोने की चेन का आधा हिस्सा बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे बेरोजगार थे और घर के खर्च चलाने और कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने इस तरह की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या ये दोनों पहले भी किसी अपराध में शामिल रहे हैं।

