N1Live National दिल्ली के पालम विलेज पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, चोरी का सामान बरामद
National

दिल्ली के पालम विलेज पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, चोरी का सामान बरामद

Delhi's Palam Village police nabbed a notorious thief and recovered stolen goods.

7 मई । दिल्ली पुलिस की एक टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही उसके पास से कई सामान भी बरामद किए गए हैं, जिसमें गैस सिलेंडर भी शामिल है। पालम विलेज थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

आरोपी की पहचान 27 वर्षीय रजत उर्फ बूढ़ा के रूप में हुई है, जो महावीर एन्क्लेव स्थित नासिरपुर रोड की हरिजन बस्ती का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से एक गैस सिलेंडर, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, दो जन्म प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, एक बैग और कपड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 27 अप्रैल को पालम विलेज थाने में चोरी का मामला ई-एफआईआर दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए एएसआई वीरेंद्र, हेड कांस्टेबल हरेंद्र, संदीप और कृष्ण की टीम गठित की गई। टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी अनंत धनराज सिंह कर रहे थे, जबकि निगरानी एसीपी दिल्ली कैंट अनिल कुमार के निर्देशन में की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया, तकनीकी निगरानी की मदद ली और कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। 2 मई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पालम विलेज इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब पीने का आदी है और किराये पर रिक्शा चलाता है। नशे की लत और जल्द पैसे कमाने के लिए वह सूने और कमजोर मकानों को निशाना बनाकर चोरी करता था। आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Exit mobile version