N1Live Entertainment धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, राष्ट्रपति भवन में सम्मान लेते समय भावुक हुईं हेमा मालिनी
Entertainment

धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, राष्ट्रपति भवन में सम्मान लेते समय भावुक हुईं हेमा मालिनी

Dharmendra was awarded the Padma Vibhushan posthumously; Hema Malini became emotional while receiving the award at Rashtrapati Bhavan.

देश की राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में सोमवार को भारतीय सिनेमा की कई बड़ी हस्तियों को सम्मानित किया गया। इस कड़ी में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह अवॉर्ड उनकी पत्नी, अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने ग्रहण किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अवॉर्ड ग्रहण करते वक्त वह और उनकी बेटी अहाना देओल भावुक नजर आईं।

पद्म विभूषण देश का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान होता है। कार्यक्रम के दौरान जब हेमा मालिनी मंच की ओर बढ़ीं, तो वहां मौजूद लोगों के लिए वह पल बेहद भावुक बन गया। पति की ओर से सम्मान ग्रहण करते समय उनके चेहरे पर गर्व और दर्द दोनों नजर आ रहे थे। अवॉर्ड लेते वक्त वह खुद को संभालती हुई नजर आईं।

गौरतलब है कि धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को हुआ था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी, जिसके कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। उन्होंने 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। समारोह में बंगाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी को भी सम्मानित किया गया। उन्हें भारतीय सिनेमा में लंबे समय तक दिए गए योगदान के लिए पद्म श्री सम्मान प्रदान किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें कला के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के लिए यह सम्मान दिया।

पद्म श्री अवॉर्ड के लिए चुने जाने पर प्रोसेनजीत चटर्जी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैं आज बहुत खुश हूं। एक एक्टर के तौर पर मेरा फिल्मी करियर 40 साल से ज्यादा का रहा है, और इस सफर में मैंने 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। मैं इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकता।”

इनके अलावा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कला के क्षेत्र में पीयूष पांडेय को मरणोपरांत पद्मभूषण से सम्मानित किया। भारतीय विज्ञापन जगत के अग्रणी हस्ताक्षरों में शामिल पीयूष पांडेय ने भारतीय विज्ञापन को वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ समेत 100 से ज्यादा विज्ञापनों को तैयार किया।

Exit mobile version