February 19, 2026
Entertainment

मुश्किल से हुई शादियां आगे चलकर मजबूत होती हैं : गिप्पी ग्रेवाल

Difficult marriages become stronger in the long run: Gippy Grewal

19 फरवरी । पंजाबी सिनेमा के लोकप्रिय सिंगर, एक्टर और डायरेक्टर गिप्पी ग्रेवाल अपनी आने वाली पंजाबी फैमिली-कॉमेडी फिल्म ‘विहा करतारा दा’ को लेकर चर्चाओं में हैं। वह इन दिनों फिल्म के प्रमोशन में बिजी हैं।

खास बात यह है कि इस फिल्म को बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर करण जौहर के साथ मिलकर को-प्रोड्यूस किया गया है। इसमें मशहूर सिंगर-एक्ट्रेस निमरत खैरा अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म के नाम से ही जाहिर है, इसमें कहानी शादी, रिश्तों और पारिवारिक उलझनों के इर्द-गिर्द घूमेगी।

गिप्पी ग्रेवाल ने बताया, ”फिल्म का किरदार करतारा बड़ी मुश्किलों के बाद शादी के बंधन में बंधता है और कहीं न कहीं यह किरदार मेरी अपनी जिंदगी से भी जुड़ा हुआ है, क्योंकि मेरी अपनी शादी भी बहुत मुश्किलों से हुई थी। शादी के दौरान कई तरह की दिक्कतें आई थीं, जिनका जिक्र मैं नहीं कर सकता, लेकिन वे परेशानियां वक्त के साथ सुलझ गईं। मेरा मानना है कि जिन लोगों की शादी मुश्किलों से होती है, उनकी शादीशुदा जिंदगी आगे चलकर मजबूत रहती है, क्योंकि संघर्ष पहली ही हो चुका होता है।”

फिल्म में उनके किरदार के झूठ बोलने की आदत पर जब सवाल किया गया, तो गिप्पी ग्रेवाल ने जवाब देते हुए कहा, ”जो लोग यह दावा करते हैं कि वे कभी झूठ नहीं बोलते, दरअसल वही सबसे ज्यादा झूठ बोलते हैं। हर इंसान जिंदगी में कभी न कभी झूठ बोलता है, लेकिन झूठ ऐसा नहीं होना चाहिए, जिससे किसी की परेशानी बढ़ जाए। मैं भी छोटा-मोटा झूठ बोलता हूं, जैसे मैं बस दो मिनट में पहुंच रहा हूं, असल में पहुंचने में मुझे दो घंटे लग जाते हैं।”

करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस के साथ जुड़ने को लेकर गिप्पी ग्रेवाल ने अपने करियर की शुरुआत को याद किया। उन्होंने कहा, ”मेरा फिल्मी सफर टिप्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड से शुरू हुआ था। शुरुआती पंजाबी फिल्में जैसे ‘मेल करा दें रब्बा’ और ‘जिन्ने मेरा दिल लुटया’ के दौर से ही बॉलीवुड का सहयोग पंजाबी सिनेमा को मिलता रहा है। इसके बाद मैंने टी-सीरीज, जियो, वायकॉम और सारेगामा जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम किया। पहले पंजाबी फिल्मों को सीमित पहचान मिलती थी, लेकिन अब प्लेटफॉर्म बड़े हो गए हैं और दर्शक भी बढ़े हैं, जिससे पंजाबी सिनेमा की पहुंच देश-विदेश तक हो रही है।”

गिप्पी ग्रेवाल ने कहा, ”आज के दौर में पंजाबी फिल्में शायद इकलौती ऐसी फिल्में हैं, जिन्हें पूरा परिवार एक साथ बैठकर बिना किसी असहजता के देख सकता है। हम फिल्मों को सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक त्योहार मानते हैं, जिसे परिवार के साथ मिलकर मनाया जाता है। सिनेमा ऐसा होना चाहिए, जिसमें किसी भी उम्र का दर्शक खुद को सहज महसूस करे।”

वहीं, फिल्म की लीड एक्ट्रेस निमरत खैरा ने भी अपने किरदार और निजी सोच पर खुलकर बात की। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, ”मेरी बस एक ही ख्वाहिश है कि मेरा होने वाला दूल्हा करतारा जैसा बिल्कुल न हो, और इसकी वजह दर्शकों को फिल्म देखने के बाद ही समझ आएगी।”

शादी को लेकर टेंशन के सवाल पर निमरत ने कहा कि शादी में बजट से ज्यादा रिश्तेदारों की नाराजगी संभालना मुश्किल होता है, क्योंकि अक्सर फूफा-जीजा जैसे रिश्तेदार रूठ जाते हैं।

जीवनसाथी के गुणों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इमोशनल, लविंग और केयरिंग पार्टनर चाहिए और वे लव मैरिज की इच्छा रखती हैं।

‘विहा करतारा दा’ फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave feedback about this

  • Service