N1Live Entertainment महज 31 साल की उम्र में दिलीप ताहिल ने चुना था पिता का किरदार
Entertainment

महज 31 साल की उम्र में दिलीप ताहिल ने चुना था पिता का किरदार

Dilip Tahil chose to play the role of a father at the age of just 31.

बॉलीवुड की रोमांटिक-ब्लॉकबास्टर फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ की रिलीज को 38 साल पूरे हो चुके हैं। इस फिल्म में आमिर खान के पिता धनराज सिंह का किरदार निभाने वाले अभिनेता दिलीप ताहिल ने पुराने दिनों को याद किया।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे आमिर खान से एक समारोह में मिलते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के बैकग्राउंड में उन्होंने फिल्म का गाना ‘पापा कहते हैं बड़ा नाम करेगा’ ऐड किया।

अभिनेता ने पोस्ट के जरिए बताया कि जब उन्होंने यह फिल्म साइन की थी, तब उनकी उम्र महज 31 साल थी। अभिनेता ने बताया कि उस दौरान उन्हें स्क्रिप्ट इतनी अच्छी लगी थी कि उन्होंने उम्र के इस छोटे अंतर की परवाह नहीं की।

अभिनेता ने लिखा, “मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ा कि मैं आमिर के पिता का रोल निभाने के लिए बहुत छोटा हूं। फिल्म की स्क्रिप्ट पहली ही सीन से इतनी दमदार थी कि मैंने बिना सोच-समझकर खुद को इस रोल में झोंक दिया। आज मुझे खुशी है कि मैंने उस समय ज्यादा दिमाग नहीं लगाया और इस ऐतिहासिक फिल्म का हिस्सा बना।”

1988 में रिलीज हुई इस ब्लॉकबस्टर रोमांटिक फिल्म में आमिर खान और जूही चावला मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में दिलीप ताहिल ने आमिर खान (राज) के पिता, धनराज सिंह, का किरदार निभाया था। 31 साल की उम्र होने के बावजूद, अभिनेता ने अपना किरदार इतने प्रभावशाली ढंग से निभाया कि यह फिल्म उनके करियर का एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई।

मंसूर खान द्वारा निर्देशित और नासिर हुसैन द्वारा निर्मित, यह एक आधुनिक ‘रोमियो-जूलियट’ जैसी दुखद प्रेम कहानी है। यह फिल्म अपने गानों, सादगी और बेहतरीन अभिनय के लिए आज भी लोकप्रिय है।

फिल्म की कहानी दो पारंपरिक राजपूत परिवारों के बीच खूनी दुश्मनी और उनके बच्चों राज (आमिर खान) और रश्मि (जूही चावला) के बीच प्रेम कहानी पर आधारित है। यह आधुनिक ‘रोमियो-जूलियट’ की कहानी है, जहां परिवार की नफरत के कारण प्रेमी जोड़े को अंत में अपनी जान गंवानी पड़ती है।

Exit mobile version