N1Live Entertainment ‘सोल्जर’ के दिनों को याद कर इमोशनल हुईं डिंपल गर्ल, बॉबी देओल के साथ शेयर किया मजेदार किस्सा
Entertainment

‘सोल्जर’ के दिनों को याद कर इमोशनल हुईं डिंपल गर्ल, बॉबी देओल के साथ शेयर किया मजेदार किस्सा

Dimple Girl gets emotional remembering her 'Soldier' ​​days, shares a funny anecdote with Bobby Deol

7 मई । बॉलीवुड की ‘डिंपल गर्ल’ प्रीति जिंटा भले ही शादी करके फिल्मों से दूर हो गई हैं, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री के अपने पुराने दोस्तों के साथ उनका रिश्ता आज भी उतना ही मजबूत है। बुधवार को प्रीति ने अपने सबसे खास दोस्त और अभिनेता बॉबी देओल के साथ यादों को सोशल मीडिया पर शेयर किया।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर फिल्म ‘सोल्जर’ के एक सीन का वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म का सदाबहार गाना ‘महफिल में बार-बार’ बज रहा है, जिसे कुमार सानू और अलका याग्निक ने अपनी आवाज दी थी। इस पोस्ट के जरिए प्रीति ने उन दिनों की यादें ताजा कीं, जब उन्होंने और बॉबी ने साथ में काम किया था।

प्रीति ने अपनी पोस्ट में बॉबी देओल को टैग करते हुए एक मजेदार किस्सा शेयर किया। उन्होंने लिखा कि कैसे वह बॉबी देओल और उनकी पत्नी तान्या देओल के हनीमून के दौरान उनके साथ मौजूद थीं।

प्रीति ने मजाकिया लहजे में लिखा, “देखो बॉबी, मुझे क्या मिला। मैं तुम्हारी हमेशा शुक्रगुजार रहूंगी कि तुमने ऑस्ट्रेलिया में मेरे पहले आउटडोर शूट को इतना मजेदार बनाया और हां, तुम्हारे हनीमून पर थर्ड व्हील बनकर मुझे बहुत मजा आया।”

बॉबी देओल ने 30 मई 1996 को तान्या आहूजा से शादी की थी। तान्या एक बड़े बिजनेस घराने से ताल्लुक रखती हैं और उनका अपना फर्नीचर बिजनेस ‘द गुड अर्थ’ है। हालांकि, दोनों की शादी के बाद फिल्म ‘सोल्जर’ की शूटिंग होनी थी।

अब्बास-मस्तान द्वारा निर्देशित सुपरहिट हिंदी एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘सोल्जर’ साल 1998 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में बॉबी देओल और प्रीति जिंटा मुख्य भूमिकाओं में थे। यह फिल्म अपने सस्पेंस, गानों और जबरदस्त एक्शन के लिए प्रसिद्ध है, जिसमें एक फौजी के बेटे (बॉबी देओल) द्वारा अपने पिता की बदनामी का बदला लेने की कहानी दिखाई गई है।

फिल्म में बॉबी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा, राखी गुलजार, सुरेश ओबेरॉय, और दलीप ताहिल जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में थे। यह फिल्म उस समय की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी और इसे ‘ब्लॉकबस्टर’ माना गया था।

Exit mobile version