रानी मुखर्जी की क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘मर्दानी 3’ दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय हो रही है, लेकिन इसकी सफलता का बड़ा श्रेय फिल्म के निर्देशक अभिराज मीनावाला को भी जाता है। निर्देशक ने हाल ही में आईएएनएस के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि फिल्म में रानी मुखर्जी के साथ काम करने से पहले थोड़े से असमंजस में थे।
निर्देशक अभिराज मीनावाला ने कहा, “रानी मैम के साथ होने वाली मीटिंग से पहले मैं बहुत घबराया हुआ था, लेकिन मीटिंग के बाद सब कुछ बहुत आसान हो गया। रानी मैम की सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे आज भी अपने काम को लेकर बहुत सजग हैं।
उन्होंने बताया कि रानी मैम ने अपने क्राफ्ट पर काम करना अभी भी नहीं छोड़ा। वे आज भी अपने काम को लेकर बेहद जागरूक और समर्पित हैं। वे आज भी सेट पर समय से आती हैं, तैयार रहती हैं और पूरी यूनिट को मोटिवेट करती रहती हैं। हम सब उनके साथ काम करके इन बातों को सीख रहे थे। उनके 30 साल के अनुभव और मजबूत फैन बेस को ध्यान में रखकर काम करना हमारी जिम्मेदारी थी, ताकि वे भी खुश रहें।”
फिल्म की सफलता और बॉक्स ऑफिस को लेकर अभिराज का नजरिया काफी साफ है। उन्होंने कहा, “प्री-प्रोडक्शन के दौरान बॉक्स ऑफिस की बात कभी नहीं की जाती और न ही करनी चाहिए। जब दर्शक आपकी कहानी से दिल से जुड़ जाते हैं, तो बॉक्स ऑफिस अपने आप चलने लगता है।”
‘मर्दानी’ फ्रैंचाइजी के सीक्वल को लेकर निर्देशक ने बताया कि उन्होंने पहले दो पार्ट्स को एक आम दर्शक की तरह देखा था, लेकिन जब मुझे इस फिल्म का सीक्वल बनाने का मौका मिला, तो फिर से दोनों फिल्में देखीं, न सिर्फ शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार को समझने के लिए, बल्कि ‘मर्दानी’ की दुनिया को गहराई से जानने के लिए।
उन्होंने आगे बताया, “फिल्म बनाते समय मेरा विजन बिल्कुल साफ था कि नई फिल्म पुराने दायरे में रहे, ताकि दर्शक आसानी से कनेक्ट कर सकें, लेकिन अपनी अलग शैली और लंबाई के साथ। अभिराज ने आखिरी में अभिनेत्री के अनुभव पर जोर देते हुए कहा, “मेरे लिए सबसे जरूरी था कि शिवानी के किरदार को रानी मैम के नजरिए से समझूं, क्योंकि दो फिल्मों में उन्होंने इस किरदार को जीया है और उनके पास इस भूमिका की गहरी समझ है।”


Leave feedback about this