N1Live Entertainment ‘पुलिस स्टेशन में भूत’ में दिखेगा जानी मास्टर का जादू, निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने की तारीफ
Entertainment

‘पुलिस स्टेशन में भूत’ में दिखेगा जानी मास्टर का जादू, निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने की तारीफ

Director Ram Gopal Varma praises Jani Master's magic in 'Police Station Mein Bhoot'

मशहूर निर्देशक राम गोपाल वर्मा अपनी आगामी फिल्म ‘पुलिस स्टेशन में भूत’ को रिलीज करने के लिए तैयार हैं। मंगलवार को निर्देशक ने मशहूर कोरियोग्राफर जानी मास्टर की जमकर सराहना की और उन्हें भारतीय सिनेमा का एक बेहद अहम हिस्सा बताया।

राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानी मास्टर के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। तस्वीर में दोनों स्नेहपूर्वक साथ खड़े नजर आ रहे हैं। तस्वीर शेयर करते हुए निर्देशक ने लिखा, “मैंने अभी-अभी अपनी फिल्म ‘पुलिस स्टेशन में भूत’ के एक खास गाने की शूटिंग पूरी की है।”

उन्होंने गाने की शूटिंग का अनुभव साझा करते हुए लिखा, “मुझे इस गाने के दौरान इंडस्ट्री के सबसे प्रतिभाशाली कोरियोग्राफरों में से एक और बेहद शानदार इंसान, जानी मास्टर, के साथ काम करने का मौका मिला। जानी मास्टर सही मायनों में भारतीय सिनेमा की कोरियोग्राफी की जान हैं।”

राम गोपाल वर्मा ने जानी मास्टर के काम की सराहना करते हुए कहा, “जानी मास्टर जल्द ही सुपरस्टार राम चरण और दिग्गज संगीतकार ए. आर. रहमान की आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्म पेद्दी में भी अपना हुनर दिखाते नजर आएंगे।”

बता दें कि जानी मास्टर मुख्य रूप से तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों के प्रमुख भारतीय डांस कोरियोग्राफर हैं। उन्हें अल्लू अर्जुन के गाने बुट्टा बोम्मा और हाल ही में ‘स्त्री 2’ फिल्म के गानों की शानदार कोरियोग्राफी के लिए जाना जाता है।

उन्होंने कई लोकप्रिय डांस नंबरों को कोरियोग्राफ किया है, जिनमें वायरल ट्रैक ‘चिकिरी चिकिरी’ और ‘हेलल्लाल्लो’ जैसे गाने शामिल हैं।

फिल्म ‘पुलिस स्टेशन में भूत’ एक आगामी बॉलीवुड हॉरर-कॉमेडी फिल्म है। इस फिल्म के जरिए करीब 27 साल बाद राम गोपाल वर्मा और अभिनेता मनोज बाजपेयी एक साथ काम कर रहे हैं। फिल्म में डर और कॉमेडी का अनूठा मिश्रण देखने को मिलेगा, जिसकी टैगलाइन है, “जब हमें डर लगता है तो हम पुलिस के पास जाते हैं, लेकिन जब पुलिस को ही डर लगने लगे, तो वे कहां जाएं?”

फिल्म में मनोज बाजपेयी एक पुलिस अधिकारी की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख भी प्रमुख किरदार में नजर आएंगी।

Exit mobile version