N1Live Entertainment ‘मॉडर्न और एक्शन सिनेमा से दूरी’, क्यों शोमा आनंद ने इंडस्ट्री को कहा अलविदा?
Entertainment

‘मॉडर्न और एक्शन सिनेमा से दूरी’, क्यों शोमा आनंद ने इंडस्ट्री को कहा अलविदा?

'Distance from modern and action cinema', why did Shoma Anand say goodbye to the industry?

16 फरवरी । हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में समय के साथ सिनेमा के चेहरे, कहानी, भाषा और किरदार बदले हैं। इसी बदलाव के बीच कई कलाकारों ने अपने आप को अलग रखा। इन्हीं में से एक नाम है शोमा आनंद। एक इंटरव्यू में शोमा आनंद ने कहा कि वह आज के एक्शन और मॉडर्न सिनेमा से खुद को जोड़ नहीं पातीं। यही वजह है कि उन्होंने इंडस्ट्री से दूरी बना ली।

16 फरवरी 1958 को मुंबई में जन्मीं शोमा आनंद ने 70 और 80 के दशक के दौर को खुलकर जिया। इस दौर में फिल्मों का फोकस परिवार, समाज और रिश्तों पर होता था। शोमा ने अपने करियर की शुरुआत इसी दौर में की और दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बनाई, लेकिन जैसे-जैसे समय बदला, फिल्मों में एक्शन, कट्स और बोल्डनेस की भरमार बढ़ती गई। शोमा का मानना था कि यह सिनेमा उनसे मेल नहीं खाता।

एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वह आज के सिनेमा में खुद को सहज महसूस नहीं कर पातीं। नए दौर की फिल्मों में किरदारों की गहराई कम हो गई है और भावनाओं की जगह शोर ने ले ली है। वह ऐसी फिल्मों का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं, जिनसे उनका कोई भावनात्मक जुड़ाव न हो।

शोमा आनंद ने साल 1976 में फिल्मों में कदम रखा था। वह दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की फिल्म में बतौर हीरोइन नजर आईं। इसके बाद उन्होंने उस समय के कई बड़े सितारों के साथ काम किया और खुद को एक मजबूत अभिनेत्री के रूप में स्थापित किया। बाद में उनका करियर सहायक किरदारों के इर्द-गिर्द रहने लगा। वह पारिवारिक फिल्मों में निगेटिव शेड वाले किरदार निभाने लगी।

फिल्म के बाद उन्होंने टीवी की ओर रुख किया और खुद को नए अंदाज में पेश किया। टीवी सीरियल्स ‘हम पांच’ में उन्हें एक नई पहचान मिली और वह घर-घर में पहचानी जाने लगीं। ‘शरारत’, ‘मायका’, ‘जिनी और जूजू’, और ‘खेलती है जिंदगी आंख मिचौली’ जैसे कॉमेडी से लेकर पारिवारिक ड्रामे वाले कई टीवी शोज में उन्होंने हर तरह के रोल निभाए।

निजी जीवन में भी शोमा आनंद ने कई उतार-चढ़ाव देखे। उन्होंने डायरेक्टर और एक्टर तारीक शाह से शादी की थी। साल 2021 में तारीक का निधन हो गया। पति के निधन के बाद उन्होंने परिवार और अपनी बेटी सारा शाह के साथ समय बिताना जरूरी समझा और सिनेमा से दूरी बना ली।

Exit mobile version