March 6, 2026
National

सूरत में डॉक्टर की अनियंत्रित कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर, पांच घायल

Doctor’s uncontrolled car hits several vehicles in Surat, five injured

6 मार्च । गुजरात के सूरत में गुरुवार देर रात पाल-उमरा पुल पर डॉ. विरलकांत चौधरी की कार अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकरा गई, जिससे पांच लोग घायल हो गए। यह जानकारी शुक्रवार को गुजरात पुलिस ने दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया, “यह दुर्घटना गुरुवार देर रात हुई। अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। हम घायलों के ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं। डॉक्टर को हिरासत में ले लिया गया है। शराब के सेवन की जांच के लिए मेडिकल टेस्ट और वाहन का तकनीकी निरीक्षण किया जाएगा। पुल से सीसीटीवी फुटेज की भी समीक्षा की जा रही है।”

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही हादसे की सूचना मिली, वैसे ही हम लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। डॉ. विरलकांत चौधरी ने पूछताछ में बताया कि एक लंबी सर्जरी के बाद वह आधी रात के आसपास घर लौट रहे थे, तभी उनका वाहन अनियंत्रित होकर तीन मोटरसाइकिलों और एक टेम्पो से टकरा गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

घायलों को इलाज के लिए सिविल और शायोना अस्पतालों में ले जाया गया। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

वहीं, एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि डॉक्टर विरलकांत तेज गति से गाड़ी चला रहा था और पहले एक टेम्पो से टकरा गया। देखने से लग रहा था कि वह शराब के नशे में थे और उनकी गाड़ी भी सही नहीं चल रही थी।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच से पता चला है कि देर रात की सर्जरी के बाद थकान दुर्घटना का कारण हो सकती है। एफएसएल और चिकित्सा जांच की रिपोर्ट आने के बाद अधिकारी सभी संभावित पहलुओं की जांच करेंगे। इस टक्कर के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया, जिसे तुरंत दूर कर दिया गया। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service