N1Live National द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोरी और लूट में शामिल 7 सीसीएल पकड़े
National

द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोरी और लूट में शामिल 7 सीसीएल पकड़े

Dwarka police arrest 7 CCLs involved in bike theft and robbery

26 मार्च । दिल्ली के द्वारका जिले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने बाइक चोरी के मामलों में शामिल सात सीसीएल (कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चों) के एक ग्रुप को पकड़ा है। इनके कब्जे से तीन चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 15 मार्च को दोपहर 1:50 बजे हुई। शिकायतकर्ता निखिल, जो कि मोहन गार्डन के लक्ष्मी विहार के निवासी हैं, अपने भांजे के साथ टीवीएस राइडर बाइक पर काकरोला गंदा नाला सर्विस रोड पर गए थे। ईंधन भरवाने के बाद लगभग 200 मीटर अंदर जाते ही चार अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने चाकू दिखाकर धमकाया, हमला किया और न केवल उनकी बाइक, बल्कि 2000 रुपए भी छीन लिए। इस शिकायत के आधार पर द्वारका नॉर्थ पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया।

अपराध की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी कुशल पाल सिंह ने स्पेशल स्टाफ की टीम गठित की। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार की अगुवाई में टीम ने घटनास्थल पर जाकर शिकायतकर्ता से मुलाकात की। शुरुआती जांच में सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद टीम ने पीछे और आगे के रास्तों को ट्रैक किया। करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र में 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया और स्थानीय सूत्रों की मदद से 6 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। इनके कब्जे से चोरी की गई बाइकें भी बरामद की गईं। जांच के दौरान एक और सीसीएल पकड़ा गया और तीसरी चोरी की गई बाइक भी बरामद हुई।

पूछताछ में पता चला कि इन मोटरसाइकिलों की चोरी और लूटपाट का मकसद उन्हें बेचकर पैसे कमाना था, ताकि वे अपने एक साथी सीसीएल का जन्मदिन मनाने के लिए किसी हिल स्टेशन पर जा सकें।

इस मामले में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। सभी मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले की जांच अभी जारी है।

Exit mobile version