N1Live National मध्य प्रदेश के खरगोन में महसूस किए गए भूकंप के झटके, तीव्रता 4.5 मापी गई
National

मध्य प्रदेश के खरगोन में महसूस किए गए भूकंप के झटके, तीव्रता 4.5 मापी गई

मध्य प्रदेश के खरगोन में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने बताया कि शनिवार सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर यह भूकंप आया, जिसकी रिएक्टर स्केल पर तीव्रता 4.5 मापी गई।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, खरगोन में भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था। यह 21.59 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.552 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप की गहराई कम होने के कारण केंद्र के आसपास के इलाकों में कंपन महसूस हुई। इस संबंध में स्थानीय नागरिकों ने भी पुष्टि की। फिलहाल, किसी जनहानि या नुकसान की कोई जानकारी नहीं है।

इससे पहले, एनसीएस ने जम्मू-कश्मीर के डोडा में भी भूकंप आने की जानकारी दी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि डोडा में शनिवार सुबह 8 बजकर 48 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता 3.8 थी। भूकंप का केंद्र सतह से 5 किलोमीटर की गहराई में था।

पिछले सप्ताह चीन-लद्दाख सीमा के पास 5.0 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप का केंद्र 35.587 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 78.130 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई 164 किलोमीटर बताई गई। भूकंप के झटके जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में महसूस किए गए। हालांकि, किसी नुकसान या जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली थी।

वहीं, 5 नवंबर को शाम 7:54 बजे लक्षद्वीप सागर में 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था। उसी दिन शाम 6:33 बजे दिल्ली से सटे फरीदाबाद में 2.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। हालांकि, इनकी तीव्रता काफी कम रही।

Exit mobile version