May 18, 2025
Chandigarh

पंजाब में शिक्षा क्रांति: आप के नेतृत्व में सरकारी स्कूलों के नतीजे रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे- सीएम मान

चंडीगढ़, 18 मई, 2025: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को कहा कि राज्य में 10वीं और 12वीं कक्षा के शानदार नतीजे दर्शाते हैं कि राज्य ‘रंगला पंजाब’ बनने की ओर बढ़ रहा है और इसमें युवा निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने यहां अपने सरकारी आवास पर 10वीं और 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित करने के बाद उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं, जिसके वांछित परिणाम सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गर्व और संतोष की बात है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने असाधारण प्रदर्शन किया है तथा इन विद्यालयों का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.09% रहा है।

इसी तरह भगवंत सिंह मान ने कहा कि शहरी स्कूलों में पास प्रतिशत लगभग 94% रहा है, जो अभूतपूर्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि राज्य के कुल 3840 हाई सेकेंडरी स्कूलों में से लगभग 1000 ने 100% पास प्रतिशत हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि यह नया पंजाब है, क्योंकि पड़ोसी राज्य हरियाणा में बोर्ड परीक्षाओं में 12 स्कूलों के विद्यार्थी बुरी तरह असफल हुए हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य में शिक्षा क्रांति का ऐसा असर है कि बोर्ड परीक्षाओं में अधिकतर टॉपर छोटे और दूरदराज के गांवों से हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 26 विद्यार्थी उभरते हुए खिलाड़ी हैं, जो शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि परिणाम में विद्यार्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली है, क्योंकि तीन विद्यार्थियों ने समान अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि अमृतसर जिला सर्वश्रेष्ठ परिणाम के साथ पहले स्थान पर है।

इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के माता-पिता और अध्यापकों का आभार व्यक्त करते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि अध्यापक गुमनाम नायक हैं, परन्तु उनकी कड़ी मेहनत, लगन और सफलता ही उनकी उपलब्धियों में निहित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों को पछाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार द्वारा पंजाब के हर कोने में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रकाश फैलाने के लिए किए जा रहे ठोस प्रयासों का परिणाम है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे बड़े प्रयासों से लड़कियों को बहुत लाभ हुआ है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करके उनके सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

उन्होंने इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये छात्राएं अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से यह उपलब्धि हासिल करने में सफल हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के लिए छात्राएं, उनके माता-पिता और अध्यापक बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि ये छात्राएं अन्य छात्रों के लिए आदर्श बनेंगी और उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करके शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगी।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों, विशेषकर लड़कियों को स्कूली शिक्षा का बेहतरीन माहौल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे अपने जीवन में सफल हो सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब अग्रणी है और यह हमेशा ऐसा ही रहेगा, क्योंकि पंजाबियों को कड़ी मेहनत और दृढ़ता की अदम्य भावना का वरदान मिला है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपनी ड्यूटी पूरी लगन और उत्साह से निभा रही है, ताकि पंजाब हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर सके।भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्हें अगले चुनावों की चिंता नहीं है, बल्कि वह अगली पीढ़ी के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं, जिसके चलते कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब दुनिया भर में एकमात्र ऐसा राज्य है जिसकी पहचान पूरी दुनिया में है, जबकि पंजाबियों का हर देश में दबदबा है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों में कड़ी मेहनत करने और आगे बढ़ने की अदम्य भावना है, जिसके कारण उन्होंने दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है कि बोइंग में 45 प्रतिशत इंजीनियर जीएनई लुधियाना से हैं, उन्होंने कहा कि फ्लिपकार्ट, ओला, मास्टरकार्ड और अन्य कंपनियों के सीईओ भी पंजाबी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं में हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अंतर्निहित गुण हैं और उनकी क्षमताओं का उचित उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी और युवा विमान की तरह हैं और राज्य सरकार उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए लॉन्चपैड प्रदान करेगी।

भगवंत सिंह मान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक पंजाब के युवा अपने वांछित लक्ष्य हासिल नहीं कर लेते और हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल नहीं कर लेते, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे। मुख्यमंत्री ने युवाओं को जीवन में बड़ी सफलता हासिल करने के बाद भी जमीन से जुड़े रहने और कड़ी मेहनत पर विश्वास रखने का आह्वान किया, क्योंकि यही सफलता की एकमात्र कुंजी है।

उन्होंने युवाओं से राज्य में कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया क्योंकि इस धरती पर प्रगति और समृद्धि की बहुत संभावनाएं हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार राज्य के विकास और लोगों की समृद्धि को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में व्याप्त नशे की समस्या पिछली सरकारों की देन है, जिन्होंने पंजाब के कल्याण की अनदेखी की, जिसके कारण राज्य की स्थिति दयनीय हो गई।

नशे के खिलाफ लड़ाई में छात्रों से पूर्ण समर्थन और सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि नशे की बुराई राज्य के माथे पर कलंक है और इसे राज्य से मिटाया जाना चाहिए।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ युद्ध नशें विरुद्ध के रूप में जंग छेड़ी है, जिसका उद्देश्य राज्य को स्वच्छ बनाना है।

Leave feedback about this

  • Service