February 23, 2026
National

तेज हवाओं का असर: दिल्ली-एनसीआर की हवा में सुधार, कई इलाकों का एक्यूआई ग्रीन जोन में पहुंचा

Effect of strong winds: Air quality in Delhi-NCR improves, AQI in many areas reaches green zone

23 फरवरी । दिल्ली-एनसीआर में चल रही तेज सतही हवाओं का असर अब साफ तौर पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में दिखाई दे रहा है। बीते दिनों ऑरेंज और येलो श्रेणी में बने रहने के बाद अब कुछ इलाकों में एक्यूआई ग्रीन जोन तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को प्रदूषण से राहत मिली है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता पहले के मुकाबले बेहतर दर्ज की गई है। दिल्ली के लोधी रोड क्षेत्र में एक्यूआई 99 दर्ज किया गया, जो ग्रीन श्रेणी में आता है। इसके अलावा, मंदिर मार्ग (136), मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम (154), आईआईटी दिल्ली (164), आईटीओ (173) और सेक्टर-62 नोएडा (164) जैसे इलाकों में एक्यूआई येलो श्रेणी में रहा।

वहीं, कुछ स्थानों पर अब भी ऑरेंज श्रेणी बनी हुई है। आनंद विहार में एक्यूआई 274, बवाना में 267, मुंडका में 261, जहांगीरपुरी में 253 और लोनी गाजियाबाद में 284 दर्ज किया गया। इंदिरापुरम (237), वसुंधरा (238), अशोक विहार (236), अलीपुर (219), चांदनी चौक (204), सीआरआरआई मथुरा रोड (222) और डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज (217) में भी वायु गुणवत्ता ऑरेंज जोन में रही।

नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 230 और सेक्टर-116 में 197 दर्ज किया गया। वहीं गाजियाबाद के संजय नगर में एक्यूआई 189 रहा, जो येलो श्रेणी में आता है। इस तरह देखा जाए तो कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर मध्यम से खराब श्रेणी के बीच बना हुआ है, लेकिन तेज हवाओं ने समग्र स्थिति में सुधार जरूर किया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23 और 24 फरवरी को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोनों दिनों में ‘मिस्ट’ यानी हल्की धुंध की स्थिति बनी रहेगी। 25 फरवरी को दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे वायु गुणवत्ता में और सुधार संभव है।

फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर हवाओं की रफ्तार बनी रहती है तो आने वाले दिनों में प्रदूषण के स्तर में और गिरावट देखी जा सकती है। हालांकि, अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे दिन में हल्की गर्माहट महसूस हो रही है। कुल मिलाकर, तेज हवाओं ने एनसीआर के लोगों को राहत की सांस लेने का मौका दिया है।

Leave feedback about this

  • Service