N1Live Entertainment सलीम खान का हालचाल लेने लीलावती अस्पताल पहुंचे एजाज खान, बताया कैसी है सेहत
Entertainment

सलीम खान का हालचाल लेने लीलावती अस्पताल पहुंचे एजाज खान, बताया कैसी है सेहत

Eijaz Khan visits Lilavati Hospital to inquire about Salim Khan's health.

21 फरवरी । मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान की सेहत को लेकर एक और अपडेट सामने आया है। अभिनेता एजाज खान शुक्रवार को सलीम खान से मिलने अस्पताल पहुंचे। मुलाकात के बाद एजाज खान ने मीडिया से बातचीत करते हुए सलीम खान की तबीयत को लेकर जानकारी साझा की, जिससे फैंस को राहत मिली।

एजाज खान ने बताया कि सलीम खान की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सलीम खान अभी आईसीयू में हैं, लेकिन उनकी सेहत पहले से बेहतर है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

उन्होंने भरोसा जताया कि अगर सब कुछ इसी तरह ठीक रहा, तो भगवान की कृपा से सोमवार को सलीम खान को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी और वे अपने घर लौट सकते हैं।

दरअसल, सलीम खान को 17 फरवरी को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआती जांच में हाई ब्लड प्रेशर और मिनिमल ब्रेन हेमरेज की पुष्टि हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया और वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा। उनका इलाज कर रहे वरिष्ठ डॉक्टर जलील पारकर ने बताया था कि उनको मिनिमल ब्रेन हेमरेज हुआ था। ऐसे मामलों में आमतौर पर सर्जरी की आवश्यकता नहीं होती। उनकी डिजिटल सबट्रैक्शन एंजियोग्राफी (डीएसए) की प्रक्रिया की गई है। यह एक ऐसी जांच प्रक्रिया है जिससे दिमाग की नसों की स्थिति को समझा जाता है और रक्त प्रवाह संबंधी समस्या का पता लगाया जाता है।

सलीम खान को देखने के लिए उनके परिवार के सदस्यों के साथ-साथ इंडस्ट्री की तमाम हस्तियां जैसे जावेद अख्तर और फराह खान अस्पताल पहुंच रहे हैं। वहीं उनके बेटे और अभिनेता सलमान खान रोजाना अस्पताल पहुंचकर पिता का हालचाल ले रहे हैं। इनके अलावा, अरबाज खान, सोहेल खान और करीबी रिश्तेदार भी उनसे मिलने हॉस्पिटल जा रहे हैं।

फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर 24 घंटे नजर बनाए हुए है।

Exit mobile version