N1Live National ‘मां जगदंबा रूठी हैं’ कहकर बुजुर्ग महिला से तीन लाख की ठगी, चार आरोपियों की तलाश में पुलिस
National

‘मां जगदंबा रूठी हैं’ कहकर बुजुर्ग महिला से तीन लाख की ठगी, चार आरोपियों की तलाश में पुलिस

Elderly woman swindled out of ₹3 lakh after being told 'Mother Jagdamba is displeased'; police searching for four accused.

नागपुर के इमामवाड़ा थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का सहारा लेकर एक 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला से करीब 3.05 लाख रुपए के सोने के जेवरात और मोबाइल की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं। आरोपियों ने खुद को धार्मिक आस्था से जुड़ा बताते हुए महिला को विश्वास दिलाया कि ‘मां जगदंबा उनसे नाराज हैं’ और उनके परिवार पर बड़ा संकट आने वाला है।

पुलिस के अनुसार, मेडिकल रोड निवासी सुजाता भगवानलाल अग्रवाल सुबह मंदिर में दर्शन करने के बाद बेटी के घर जा रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। एक युवक ने महिला से कहा कि ‘मां जगदंबा आपसे रूठी हुई हैं’, जबकि दूसरे ने दावा किया कि महिला और उनके बेटों पर गंभीर संकट आने वाला है। इसके बाद दोनों ने विशेष पूजा के माध्यम से संकट दूर करने का झांसा दिया।

आरोपियों ने महिला को एक पीले रंग की थैली दी और कहा कि पूजा के लिए अपने सोने की चेन, कंगन, अन्य आभूषण और मोबाइल उसमें रख दें। उन्होंने महिला से यह भी कहा कि 51 कदम तक पीछे मुड़कर नहीं देखना, तभी पूजा सफल होगी और संकट टल जाएगा। महिला जैसे ही आगे बढ़ीं, दोनों युवक जेवरात और मोबाइल लेकर फरार हो गए। कुछ दूरी चलने के बाद जब महिला ने पीछे मुड़कर देखा तो आरोपी गायब थे। तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत इमामवाड़ा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि इस वारदात में केवल दो नहीं, बल्कि चार आरोपी शामिल थे। सभी आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घटनास्थल से फरार हुए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

इमामवाड़ा थाना के पुलिस निरीक्षक जयवंत पाटिल ने बताया कि आरोपियों की भाषा हिंदी थी। प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका है कि वे मध्य प्रदेश या उत्तर प्रदेश के रहने वाले हो सकते हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं, जो तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश कर रही हैं।

पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और धार्मिक आस्था या अंधविश्वास के नाम पर किसी को कीमती सामान न सौंपें। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना देना ही सबसे प्रभावी उपाय है।

Exit mobile version