February 23, 2026
National

बलिया में पुलिस और बदमाश में मुठभेड़, 25 हजार का इनामी गो तस्कर गिरफ्तार

Encounter between police and criminals in Ballia, cow smuggler carrying a reward of 25 thousand arrested

23 फरवरी । उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी गो तस्कर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रविवार देर रात हुसैनाबाद मोड़ के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बबलू बट बताया। पुलिस के अनुसार वह 25 हजार रुपए का इनामी और हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जो लंबे समय से वांछित चल रहा था।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह गो तस्करी के मामलों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है।

घायल आरोपी को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया का बदमाश बबलू बट से पूछताछ कर इनके साथियों को गिरफ्तार किया जाएगा, इनके लिए एक टीम का भी गठन किया जा रहा है। साथ ही बबलू बट से भी पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि इसकी कौन-कौन सहायता करता था।

पुलिस उपाधीक्षक जय शंकर मिश्र ने बताया कि आरोपी की पुलिस काफी दिनों से तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना के बाद हुसैनाबाद मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। वहीं इसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस यह पता लगा रही है कि इसके पास हथियार कहां से आए और ये कहां-कहां सप्लाई किया करता था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कई वारदात में शामिल होने की बात कबूली है।

Leave feedback about this

  • Service