N1Live National दिल्ली के शाहबाद डेरी में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार
National

दिल्ली के शाहबाद डेरी में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार

Encounter between police and criminals in Shahbad Dairy, Delhi; two accused arrested

10 मार्च । राष्ट्रीय राजधानी के आउटर नॉर्थ दिल्ली के शाहबाद डेरी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी शाहबाद डेरी इलाके में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। जब पुलिस टीम ने आरोपियों को रोकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की और आरोपियों को घेर लिया। कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया और मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इरफान और ऐश्वर्या पांडे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी एक महीने पहले एक कारोबारी की दौड़ा-दौड़ाकर हत्या करने की वारदात में शामिल थे और तभी से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई आउटर नॉर्थ जिले के डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी के निर्देश पर की गई। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी काफी समय से फरार चल रहे थे और इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आखिरकार पुलिस को मिली सही सूचना के आधार पर उन्हें पकड़ने में सफलता मिली।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उनके साथ इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जा सकती है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इनके साथियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया है, जो इनके बयान के आधार पर जांच कर अन्य लोगों की गिरफ्तारी कर रहे हैं।

Exit mobile version