4 अप्रैल । साउथ ईस्ट दिल्ली में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने बदरपुर इलाके में शुक्रवार देर रात एक बदमाश को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद सलीम उर्फ गंजा के रूप में हुई है। वह कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, सलीम गंजा कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं, बल्कि एक बेहद शातिर और खतरनाक अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी और सेंधमारी जैसे करीब 70 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वह 20 से ज्यादा मामलों में वांछित भी चल रहा था और काफी समय से फरार था।
बताया जा रहा है कि सलीम गंजा का नाम दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या में भी सामने आ चुका है। इसके अलावा वह नासिर और दानिश पहलवान गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है और इलाके में कई गंभीर वारदातों को अंजाम देता रहा है।
पुलिस को सलीम गंजा की लोकेशन को लेकर खास सूचना मिली थी। इसके बाद एसटीएफ की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बदरपुर इलाके में जाल बिछाया। जैसे ही पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की। आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें सलीम गंजा घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। घायल हालत में आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि सलीम गंजा लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और उसके खिलाफ कई गंभीर अपराध दर्ज थे। वह लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहता था, जिससे उसे पकड़ना मुश्किल हो रहा था। लेकिन इस बार पुख्ता जानकारी और सटीक योजना के चलते पुलिस ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।

