N1Live World वाइल्डफायर से जूझ रहा यूरोप: ग्रीस के बुजुर्ग दंपति ने गंवाई जान, बेल्जियम में लगी आधुनिक इतिहास की सबसे बड़ी आग
World

वाइल्डफायर से जूझ रहा यूरोप: ग्रीस के बुजुर्ग दंपति ने गंवाई जान, बेल्जियम में लगी आधुनिक इतिहास की सबसे बड़ी आग

Europe Battling Wildfires: Elderly Greek Couple Loses Lives; Belgium Sees Largest Fire in Modern History

 

एथेंस/ब्रसेल्स, यूरोप के कई देश पिछले एकाध महीनों से धधक रहे हैं। स्पेन और फ्रांस समेत कई देशों के जंगल की आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। ग्रीस में रविवार को जंगल की आग की चपेट में आने से एक बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई, जबकि बेल्जियम में आधुनिक इतिहास की सबसे बड़ी जंगल की आग ने एक दुर्गम प्राकृतिक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है।

 

ग्रीस के तट रक्षक के अनुसार, एथेंस के निकट सलामिस द्वीप के पेरिस्टेरिया बीच इलाके में एक बुजुर्ग दंपति अपने घर के बाहर आग की चपेट में आ गया। आग के खतरे को देखते हुए 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का आदेश दिया गया।

सलामिस में आग बुझाने के लिए हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली गई। तेज हवाओं और शुष्क परिस्थितियों के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

स्पेन के आरागॉन क्षेत्र में भी जंगल की आग से निपटने के अभियान के दौरान रविवार को एक सैनिक की मौत हो गई। क्षेत्र में करीब एक सप्ताह से आग भड़की हुई है और इसने करीब 1,000 साल पुराने एक मठ को भी खतरे में डाल दिया है। आग पर नियंत्रण पाने के लिए फ्रांस से अतिरिक्त दमकलकर्मियों को भेजे जाने की तैयारी थी।

पुर्तगाल में भी कई स्थानों पर जंगल की आग से निपटने के लिए सैकड़ों दमकलकर्मी जुटे हुए हैं। स्पेन की सीमा के पास डिने गांव के निकट लगी आग में एक दमकल वाहन के आग की चपेट में आने से पांच दमकलकर्मी घायल हो गए। बोटिकास और शावेस सहित स्पेन की सीमा से लगे अन्य इलाकों में भी आग भड़क रही है।

बेल्जियम में जर्मनी के निकट एक दुर्गम प्राकृतिक क्षेत्र में लगी आग को देश की आधुनिक इतिहास की सबसे बड़ी जंगल की आग बताया जा रहा है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण वहां आग बुझाने के अभियान में चुनौतियां बनी हुई हैं। फायरफाइटर्स प्रमुख, मार्क गिल्बर्ट ने बेल्जियम के राष्ट्रीय प्रसारक वीआरटी से बताया कि देश को बड़ी आग से लड़ने के लिए और संसाधन की आवश्यकता है।

वहीं, क्रोएशिया में शुक्रवार को एक पर्यटक रिसॉर्ट के घरों तक जंगल की आग पहुंच गई थी। अधिकारियों के अनुसार इस घटना में एक व्यक्ति की मौत और 40 लोग घायल हुए, जबकि करीब 1,200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

जर्मनी और दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस के गांवों से भी सैकड़ों लोगों को आग के खतरे के कारण बाहर निकाला गया। ग्रीस में आग की चपेट में आने वाले समुद्र तटों से पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के अभियान चलाए गए, जबकि स्पेन में सेना ने ऐतिहासिक धरोहरों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की।

यूरोपीय संघ ने महाद्वीप के कई हिस्सों में जंगल की आग की स्थिति को लेकर ‘बहुत गंभीर’ खतरे की चेतावनी दी है।

 

Exit mobile version