N1Live National मुजफ्फरनगर में मकान ढहने से पिता समेत चार बच्चों की मौत, मंत्री कपिल देव ने दिया मदद का भरोसा
National

मुजफ्फरनगर में मकान ढहने से पिता समेत चार बच्चों की मौत, मंत्री कपिल देव ने दिया मदद का भरोसा

Father and four children die after house collapses in Muzaffarnagar; Minister Kapil Dev assures assistance.

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रविवार रात हुई भारी बारिश एक परिवार के लिए काल बन गई। फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर सीकरी गांव में तेज बारिश के दौरान एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में पिता और उनके चार मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने हादसे पर गहरा दुख जताया।

सोमवार सुबह आईएएनएस से बातचीत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि मृतक की पहचान इस्लामुद्दीन (60 साल) के रूप में हुई है। उनके कुल आठ बच्चे हैं। हादसे के समय मकान की छत गिरने से इस्लामुद्दीन और उनके चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य बच्चे घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मंत्री ने बताया कि घटना के समय बच्चों की मां घर पर नहीं थीं, वह अपने दो बच्चों के साथ मोहल्ले में किसी के यहां गई हुई थीं।

कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों का हालचाल जाना। साथ ही डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है और अधिकारियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि मुआवजे की राशि जल्द से जल्द परिवार को उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। प्रशासन पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद कर रहा है और आगे भी हर आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

Exit mobile version