N1Live National मंगोलपुरी फर्नीचर मार्केट और द्वारका नमकीन फैक्ट्री में लगी आग, दमकल विभाग ने समय रहते पाया काबू
National

मंगोलपुरी फर्नीचर मार्केट और द्वारका नमकीन फैक्ट्री में लगी आग, दमकल विभाग ने समय रहते पाया काबू

Fires broke out at the Mongolpuri furniture market and a Dwarka namkeen factory; the fire department brought the situation under control in time.

दिल्ली में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके के एस-ब्लॉक स्थित फर्नीचर मार्केट में हुई, जबकि दूसरी घटना द्वारका मेट्रो स्टेशन के पास टिन शेड में चल रही एक नमकीन फैक्ट्री में सामने आई। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।

मंगोलपुरी के एस-ब्लॉक स्थित फर्नीचर मार्केट में देर रात अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव एवं बुझाने का अभियान शुरू किया गया। फायर ऑफिसर भूपिंदर शर्मा ने बताया कि इस मार्केट में कुल 11 दुकानें हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों के पीछे खड़ी कुछ गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं और उनमें भी आग लग गई।

फर्नीचर मार्केट होने के कारण दुकानों में बड़ी मात्रा में सूखी लकड़ी, प्लाईवुड, फोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिससे आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि दमकल कर्मियों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी के घायल होने या जानमाल की हानि की खबर नहीं है, लेकिन दुकानों में रखा लाखों रुपये का फर्नीचर और कुछ वाहन आग में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घटनास्थल के पास रहने वाले एक स्थानीय निवासी ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया, “यह फर्नीचर की दुकान थी और हमें ठीक-ठीक नहीं पता कि आग कैसे लगी। यह घटना रात करीब दो बजे हुई। आग लगने के कारणों की जानकारी फिलहाल नहीं है।”

लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। यदि दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता तो आग आसपास के रिहायशी इलाकों तक फैल सकती थी।

उधर, द्वारका मेट्रो स्टेशन के पास टिन शेड में संचालित एक नमकीन फैक्ट्री में भी आग लग गई। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार यह ‘मेक-4’ श्रेणी की आग थी। दमकल विभाग ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और सुबह करीब 3:30 बजे सभी यूनिट्स वापस लौट गईं। बताया गया है कि फैक्ट्री लगभग 300 वर्ग गज क्षेत्र में फैली हुई थी। इस घटना में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Exit mobile version