February 25, 2026
Entertainment

मुंबई में कॉन्सर्ट करने को लेकर उत्साहित फ्लिपराची, कहा- ‘सही एनर्जी हो तो भाषा दीवार नहीं बनती’

Flipparchi is excited about performing in Mumbai, saying, “With the right energy, language doesn’t become a barrier.”

25 फरवरी । ‘धुरंधर’ फिल्म में बहरीन के मशहूर रैपर फ्लिपराची के गाने ‘फासला’ की गूंज आज भी है। भारत के लोगों ने इस गाने के जरिए उन्हें बेहद प्यार दिया। उनके चाहने वालों के लिए अब एक बड़ी खबर है, वह अब भारत में पहली बार लाइव परफॉर्म करने जा रहे हैं। इस बीच आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में उनके गाने को इतनी लोकप्रियता मिलना उनके लिए खास अनुभव रहा। साथ ही अपने कॉन्सर्ट के बारे में भी बताया।

फ्लिपराची ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ”संगीत की कोई सीमा नहीं होती, इस पर मैं विश्वास करता हूं, लेकिन हकीकत में इसे फिल्म ‘धुरंधर’ ने करके दिखाया। जिस तरह से फिल्म ने मेरे गाने ‘फासला’ को लोगों के दिलों तक पहुंचाया, उसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। यह इस बात का सबूत है कि जब संगीत में सही ऊर्जा होती है, तो भाषा कभी भी बाधा नहीं बनती।”

फ्लिपराची ने कहा, ”गाने के जरिए मुझे ऐसे श्रोताओं का भी प्यार मिला, जिन्हें शायद अरबी भाषा आती तक नहीं है, लेकिन फिर भी वह गाने से जुड़ाव महसूस करते हैं। मेरा मानना है कि संगीत का मकसद भावनाओं को छूना होता है और अगर वह काम कर जाए, तो भाषा अपने आप पीछे छूट जाती है। यही वजह है कि ‘फासला’ अब सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि अलग-अलग संस्कृतियों को जोड़ने वाली कड़ी बन चुका है।”

भारत में मिल रही इस जबरदस्त प्रतिक्रिया के बीच फ्लिपराची अब भारतीय मंच पर लाइव परफॉर्म करने के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं। वह 13 मार्च 2026 को मुंबई में अपना पहला लाइव शो करने जा रहे हैं।

इस डेब्यू परफॉर्मेंस को लेकर उन्होंने आईएएनएस से कहा, ”मैं मुंबई में पहला लाइव कॉन्सर्ट करने जा रहा हूं। इसको लेकर बेहद उत्साहित हूं। धन्यवाद से ज्यादा फिलहाल मेरे पास कोई शब्द नहीं है। यह मेरे लिए अद्भुत अनुभव है, क्योंकि अगर किसी देश में कदम रखने से पहले ही वहां के लोग आपके संगीत से जुड़ जाएं, तो यह अपने आप में बेहद खास होता है।”

फ्लिपराची ने कहा, ”भारत में मेरा पहला शो सिर्फ एक परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि मेरे और भारतीय श्रोताओं के बीच बने उस रिश्ते का जश्न भी होगा, जो संगीत के जरिए बना है। मैं इस शो को लेकर पूरी तरह फोकस्ड हूं और चाहता हूं कि लोग उसी ऊर्जा को महसूस करें, जिसने ‘फासला’ गाने को इतना खास बनाया।”

Leave feedback about this

  • Service