N1Live National संभावित हार देख विदेशी ताकतों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को बिगाड़ना चाह रहे राहुल : डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
National

संभावित हार देख विदेशी ताकतों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को बिगाड़ना चाह रहे राहुल : डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उस आरोप का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वोट चोरी की योजना बनाते हैं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसे अंजाम देते हैं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के साथ मिलकर पर्दे के पीछे से भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बिगाड़ने और अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, “राहुल गांधी, पूरी कांग्रेस पार्टी और ‘इंडी’ गठबंधन, भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से डरे और सहमे हुए हैं। वह अपनी संभावित हार को देखकर सिर्फ अनर्गल प्रलाप ही नहीं कर रहे हैं, बल्कि विदेशी ताकतों के साथ हाथ मिलाकर पर्दे के पीछे से देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को लगातार बिगाड़ने का, उसको अस्थिर करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।”

ब्रजेश पाठक ने कहा, “देश का लोकतंत्र, भारत के युवा और अन्य सभी लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं। आप देखेंगे कि आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी फिर उत्तर प्रदेश में आएगी और 2029 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी।”

विपक्ष को सलाह देते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा, “कांग्रेस और ‘इंडी’ गठबंधन को एक बार लोकतंत्र से और भारत की जनता का भी मन (विचार) लेना चाहिए।”

इससे पहले, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गोवा के एक कार्यक्रम में फिर से ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने अपने बयान में कहा, “देश में जो हो रहा है, वह सबको दिख रहा है। पूरा देश जानता है कि ज्ञानेश कुमार ‘वोट चोरी’ को अमल में लाते हैं।, अमित शाह ‘वोट चोरी’ को क्रियान्वित करते हैं और नरेंद्र मोदी ‘वोट चोरी’ की पूरी प्लानिंग करते हैं।”

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि जनता इस सरकार की सच्चाई जान गई है। अब इसका खेल खत्म होने वाला है।

Exit mobile version