N1Live National पटना में संदिग्ध जहरीली शराब से 4 लोगों की मौत, मृतक के परिजनों से मिले मंत्री विजय सिन्हा
National

पटना में संदिग्ध जहरीली शराब से 4 लोगों की मौत, मृतक के परिजनों से मिले मंत्री विजय सिन्हा

Four people die in Patna due to suspected toxic liquor; Minister Vijay Sinha meets the families of the deceased.

पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेढ़ना गांव में हुई संदिग्ध मौतों के मामले को लेकर बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा रविवार को मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को सुना। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से घटनाक्रम और वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि मृतकों की मौत जहरीली शराब से हुई है। ग्रामीणों की मांग और आशंकाओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री विजय सिन्हा ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का निर्देश दिया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

विजय सिन्हा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में जहरीली शराब से मौत की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए बाढ़ के एसडीएम को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने बताया कि उन्होंने पटना के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक से भी बातचीत कर मामले की जानकारी ली है तथा निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य में शराब के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जांच के दौरान यदि कोई व्यक्ति अवैध शराब कारोबार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच प्रशासन लगातार मामले की निगरानी कर रहा है और विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है।

मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

बता दें कि पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित बेढ़ना गांव में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उपचार के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर जहरीली शराब से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। प्रशासन मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रहा है।

Exit mobile version