छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से पुलिस को चकमा देकर चार कैदी फरार हो गए हैं। कैदियों के फरार होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस फरार कैदियों को ढूंढ रही है।
बताया जा रहा है कि सोमवार सबुह महासमुंद जिला जेल की ऊंची चारदीवारी फांदकर चारों कैदी फरार हुए हैं। फरार कैदियों में तीन एनडीपीएस एक्ट और एक चोरी का आरोपी शामिल है। धरमवीर, लीलाधर और राजेन्द्र एनडीपीएस एक्ट के आरोपी हैं जबकि पंचराम चोरी के मामले में जेल में बंद था।
एडिशनल एसपी ने कैदियों के फरार होने की घटना की पुष्टि की है। फरार कैदियों की तलाश के लिए पुलिस और जेल प्रशासन सक्रिय हो गए हैं। फिलहाल फरार कैदियों के तरीके और घटना के दौरान सुरक्षा में हुई चूक की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही है।
इसी तरह तमिलनाडु के थेनी जिले में सब-जेल से अक्टूबर में कैदी फरार हो गए थे। जेल में 17 कैदी एक जेल गार्ड के साथ कथित तौर पर मारपीट कर जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए थे। घटना के तुरंत बाद इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रात में ही पुलिस ने 4 कैदियों को पकड़ लिया था। इसके बाद अगले दिन एक और कैदी को ऑटो-रिक्शा चालक ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने जंगल और पहाड़ी इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए तलाशी अभियान चलाया। ड्रोन फुटेज में कैदी झाड़ियों और जंगल में छिपे हुए दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अन्य कैदियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ‘एक्स’ पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “थेनी जिले में पुलिस ने ड्रोन निगरानी का इस्तेमाल करके भागे हुए कैदियों की तुरंत पहचान की और उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने बहुत तेजी और मुस्तैदी से कार्रवाई की।”

