N1Live National सिगरेट मांगने पर हुए झगड़े में दोस्त की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद
National

सिगरेट मांगने पर हुए झगड़े में दोस्त की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि सिगरेट मांगने को लेकर उपजे विवाद में एक दोस्त ने ही युवक की हत्या की थी।

घटना के चार दिनों के भीतर पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी विशाल कुमार सिंह (26 वर्षीय) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज ने शुक्रवार को आदित्यपुर थाना परिसर में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि सोनू कुमार और आरोपी विशाल सिंह के बीच पिछले कुछ महीनों से गहरी दोस्ती थी। बीते 9 नवंबर की शाम करीब 7.15 बजे दोनों सतवाहिनी जमालपुर इलाके में एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में सोनू ने विशाल से सिगरेट मांग ली। इसी बीच दोनों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी।

अधिकारी ने बताया कि इस मामूला विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप अख्तियार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आपा खो चुके विशाल ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और सोनू को गोली मार दी। गोली लगने से सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तुरंत फरार हो गया।

एसडीपीओ ने बताया कि हत्या के ठीक बाद आरोपी विशाल उसी रात डिमना चौक से बस पकड़कर बिहार के शेरघाटी भाग गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। टीम ने लगातार तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों के जरिए आरोपी की सुरागरसी की। शुक्रवार को जब आरोपी शेरघाटी से वापस लौट रहा था, तभी पुलिस ने सापड़ा पुल के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। पुलिस इस मामले में आरोपियों के अन्य सहयोगियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Exit mobile version