N1Live Entertainment सलमान से जैकलीन तक, इन सितारों के घर धूमधाम से मनाया जाता है गणेश उत्सव
Entertainment

सलमान से जैकलीन तक, इन सितारों के घर धूमधाम से मनाया जाता है गणेश उत्सव

From Salman to Jacqueline, Ganesh Utsav is celebrated with great fanfare at the homes of these stars.

गणेश चतुर्थी आते ही मुंबई की गलियों से लेकर फिल्मी सितारों के घरों तक ‘गणपति बप्पा मोरया’ की गूंज सुनाई देने लगती है। आम लोगों की तरह बॉलीवुड के कई सितारों के लिए भी गणेश उत्सव का त्योहार बेहद खास होता है। कई सितारों के घर का बप्पा सेलिब्रेशन हर साल सुर्खियों में रहता है। आइए जानते हैं उन फिल्मी सितारों के बारे में, जिनके गणेश उत्सव में आस्था के साथ परिवार और त्योहार की रौनक भी साफ दिखाई देती है।

सलमान खान- खान परिवार का गणपति उत्सव लंबे समय से लोगों का ध्यान खींचता रहा है। सलमान कई मौकों पर अपनी बहन अर्पिता खान शर्मा के घर होने वाले गणपति उत्सव में शामिल होते हैं। 2025 में भी अर्पिता के मुंबई स्थित घर पर बप्पा की स्थापना हुई थी, जहां सलमान अपने माता-पिता सलीम खान और सलमा खान के साथ आरती करते दिखाई दिए। इस दौरान परिवार के दूसरे सदस्य और करीबी दोस्त भी मौजूद थे। बाद में विसर्जन के मौके पर सलमान को बहन अर्पिता और सोनाक्षी सिन्हा के साथ डांस करते हुए भी देखा गया।

सोनाली बेंद्रे- सोनाली बेंद्रे को गणेश चतुर्थी का त्योहार काफी पसंद है। वह हर साल घर पर बप्पा का स्वागत करती रही हैं। एक वक्त ऐसा भी आया जब वह इलाज के सिलसिले में न्यूयॉर्क में थीं और घर से दूर होने की वजह से गणपति की आरती में फेसटाइम के जरिए शामिल हुई थीं। इसके अगले साल वह अपने परिवार के साथ घर पर गणपति उत्सव मनाकर बेहद खुश नजर आई। उन्होंने तब पर्यावरण का ध्यान रखते हुए ईको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा रखने और घर पर ही विसर्जन करने की बात कही थी। 2025 में भी सोनाली ने घर पर गणेश चतुर्थी मनाई और साड़ी में बप्पा के साथ अपनी तस्वीर साझा की।

सोनू सूद- सोनू सूद हर साल बप्पा को अपने घर लाने की परंपरा निभाते हैं और परिवार के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। 2024 में नए घर ‘गंगोत्री निवास’ में पहली बार गणपति का स्वागत उनके लिए खास था। पत्नी सोनाली और दोनों बेटों अयान और ईशांत के साथ उन्होंने आरती की थी। उस वक्त सोनू ने कहा था कि जिस जगह से उनके संघर्ष की शुरुआत हुई, उसी इलाके में अब उनके नए घर में पहली बार बप्पा का आना उनके लिए भावुक पल है। 2025 में भी उन्होंने गणपति उत्सव मनाया और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए ईको-फ्रेंडली प्रतिमा के साथ घर पर ही विसर्जन किया। उनके यहां यह उत्सव पांच दिनों तक मनाया गया और पूजा-पाठ के साथ परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी रही।

कार्तिक आर्यन- गणपति उत्सव को पूरे मन से मनाने वाले सितारों में कार्तिक आर्यन भी शामिल हैं। 2025 में उन्होंने अपने मुंबई वाले घर पर परिवार के साथ गणेश उत्सव मनाया। कार्तिक ने सोशल मीडिया पर बप्पा की पूजा और घर के उत्सव की झलकियां साझा कीं थी। इस दौरान उनकी मां माला तिवारी और उनका पेट डॉग भी उनके साथ नजर आया। कार्तिक ने विसर्जन के लिए पर्यावरण के अनुकूल तरीका अपनाया और घर पर ही विसर्जन किया। बाद में उनके घर हुए गणपति विसर्जन की तस्वीरों में श्रीलीला और उनके परिवार के लोग भी नजर आए थे।

जैकलीन फर्नांडीज- जैकलीन फर्नांडीज के लिए 2025 की गणेश चतुर्थी खास रही। दरअसल, उन्होंने पहली बार अपने घर पर बप्पा का स्वागत किया था। अभिनेत्री ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि वह पहली बार गणपति को अपने घर ला रही हैं। लाइट ग्रीन कलर की साड़ी में जैकलीन बप्पा के सामने आरती करती नजर आईं। घर में सजे गणपति की प्रतिमा के सामने उन्होंने फूल चढ़ाए और पूजा की। उन्होंने इस मौके को नई शुरुआत, प्यार और आशीर्वाद से जोड़ा।

Exit mobile version