N1Live Entertainment गैंगस्टर बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड खुशनुमा अंसारी गिरफ्तार, दिल्ली में चलाती थी ब्यूटी पार्लर
Entertainment

गैंगस्टर बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड खुशनुमा अंसारी गिरफ्तार, दिल्ली में चलाती थी ब्यूटी पार्लर

Gangster Bobby Kabutar's girlfriend Khusnuma Ansari arrested; she ran a beauty parlor in Delhi

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड और दिशा पाटनी के घर फायरिंग समेत कई बड़ी आपराधिक घटनाओं में शामिल कुख्यात गैंगस्टर महफूज अली उर्फ बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के चौहान बांगर इलाके में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

एक दिन पहले पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अहम सदस्य बॉबी कबूतर को सात साल की फरारी के बाद गिरफ्तार किया था।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को इनपुट मिला था कि बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जफराबाद इलाके के चौहान बांगर, गली नंबर 10 में है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में छापा मारा और खुशनुमा अंसारी को उसके घर से हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वह घर के नीचे एक ब्यूटी पार्लर भी चलाती थी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि खुशनुमा अंसारी बॉबी कबूतर की फरारी के दौरान अहम कड़ी के रूप में काम कर रही थी। बताया जा रहा है कि बीते सात सालों में जब बॉबी कबूतर लगातार ठिकाने बदल रहा था, तब उसके छिपने और गैंग के अन्य सदस्यों से बात कराने की जिम्मेदारी वह संभाल रही थी। इसी वजह से स्पेशल सेल की नजर लंबे समय से उस पर बनी हुई थी।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही स्पेशल सेल ने महफूज अली उर्फ बॉबी कबूतर को दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया था। वह सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड समेत कई संगीन मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, बॉबी कबूतर ने मई 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले इलाके की रेकी की थी और सभी जानकारी हमलावरों तक पहुंचाई थी।

इसके अलावा, बॉबी कबूतर का नाम उत्तर प्रदेश के बरेली में फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग की घटना में भी सामने आया था। पुलिस का दावा है कि इस वारदात में इस्तेमाल किए गए विदेशी हथियारों की व्यवस्था भी बॉबी कबूतर ने ही की थी। इस केस में कुछ शूटर्स मुठभेड़ में मारे गए थे, जबकि अन्य को गिरफ्तार किया जा चुका है। बॉबी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

स्पेशल सेल के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, खुशनुमा अंसारी से पूछताछ में यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह कब और कैसे गैंग से जुड़ी, किन-किन मामलों में उसकी भूमिका रही, और गैंग के दूसरे सदस्यों से उसके क्या संपर्क थे।

Exit mobile version